लखनऊ के शारदानगर विस्तार योजना में एलडीए सोलर फार्मिंग कर प्रधानमंत्री आवास की छतों से कमाई करेगा। हर साल यहां करीब 36 लाख रुपये की आय होगी। इस बजट का उपयोग प्रधानमंत्री आवास की बिल्डिंगों और अवस्थापना सुविधाओं के रखरखाव पर खर्च किया जाएगा।
इसके लिए एलडीए ने यूपी नेडा से सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी की मांग की है। यूपी नेडा को भेजे पत्र में कहा है कि शारदानगर विस्तार योजना में बने उनके 47 चार मंजिला टावरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली पैदा की जा सकती है।
सभी 46 ब्लॉकों को मिलाकर करीब 1800 से 2000 किलोवाट क्षमता का प्लांट लगाने के लिए जगह कंपनी को मिल जाएगी। इससे रोजाना करीब नौ हजार यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। यानी, हर महीने 2.70 लाख यूनिट और सालाना करीब 32.40 लाख यूनिट बिजली मिलेगी। इस बिजली को कंपनी सीधे ग्रिड को बेच सकती है।