गोंडा में पसका गांव की तीन बेटियों पर एसिड अटैक ने एक हंसते खेलते परिवार की खुशियां छीन ली। जख्म ऐसा दिया है कि पूरी जिंदगी दर्द से भरा रहेगा। घर बसने से पहले ही बड़ी बेटी के सुहाने सपने चकनाचूर हो गए। पुलिस ने एक युवक को मुठभेड़ में गिरफ्तार तो कर लिया लेकिन इससे परिवार के लोगों को तसल्ली नहीं है। बेटी के दर्द से पूरा परिवार ही नहीं हर कोई कराह रहा है।
परिवार में सबकी दुलारी और हर काम में हाथ बंटाने में आगे रहने वाली खुशबू एसिड अटैक की घटना के एहसास से ही चौंक जा रही है। जिला अस्पताल में इलाज से वह राहत तो महसूस कर रही है, लेकिन एसिड से मिले दाग तो पूरे जीवन भर रुलाने के लिए काफी हैं।
17 साल की खुशबू भी और बेटियों की तरह सुनहरे सपने पाले आगे बढ़ रही थी। 25 अक्तूबर को गोदभराई होने की तैयारी थी और पूरा परिवार मगन था कि बेटी के हाथ जल्द पीले करके विदा कर देंगे। पर किसी को क्या पता था कि किसी दरिंदे की नजर बेटी की खुशियों पर टिकी है। ऐसी हरकत किसी ने सपने में भी नहीं सोची थी।