लखनऊ। छह वर्ष पहले चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुलिसवालों को धक्का देकर भागा अपहरण का आरोपी मेरठ में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था।
चारबाग रेलवे स्टेशन जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला वर्ष 2019 का है। बदोसराय, बाराबंकी निवासी बबलू उर्फ शनि ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश भाग आया। पश्चिम बंगाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जा रही थी। इसी बीच चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बबलू पुलिसवालों को धक्का देकर भाग गया था।
पुलिस ने फरारी में उसकी चार्जशीट लगा दी और 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। सर्विलांस की टीम की मदद से उसकी खोजबीन जारी रही। मुखबिर की सूचना पर बबलू को मेरठ के दौराला के पावरग्रिड मटौर के पास से गिरफ्तार किया गया।