गोंडा क्षेत्र के युवक को नशीला इंजेक्शन लगा कर अपहरण कर लिया गया। रास्ते में युवक नशे की हालत में अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भाग निकला। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम बबुरास के मजरा जूड़ा पुरवा निवासी रामकृपाल यादव का पुत्र अनिल कुमार यादव (18) शनिवार की देर शाम बबुरास चौराहे से अपने घर जा रहा था।
उसी बीच एक बोलेरो गाड़ी रुकी और उसमें सवार लोगों ने उसे जबरन पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया। राम कृपाल यादव ने बताया कि लड़के के अनुसार गाड़ी में बैठाने के बाद लोगों ने उसे नशीला इंजेक्शन लगा दिया।
उसके बाद उसे बेहोशी की दवा खिलाकर बेहोश कर दिया गया। रास्ते में चाय पीने के लिये गाड़ी रोककर अपहरण कर्ता उतरे और दरवाजा बंद करके चाय नाश्ता करने चले गये। दरवाजा बंद होने की आवाज सुनकर उसे कुछ होश आया और वह किसी तरह गाड़ी से नीचे उतरकर भाग निकला।
वह किसी अनजान गांव में पहुंच गया। जहां एक व्यक्ति ने उसे लखनऊ के बादशाह नगर रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया। इधर उसके परिवारीजन व पुलिस उसे ढूंढ़ रही थी। मगर कहीं पता नहीं चल सका। कोतवाली में इसकी सूचना दिया तथा डायल 100 व कोतवाली पुलिस मामले की जांच करने लगी।