लखनऊ के विकासखंड माल के कलिकाखेड़ा उमारवल निवासी 11वीं की छात्रा सावनी (16) सोमवार की सुबह नौ बजे घर से स्कूल के निकली थी, जिसे एसयूवी सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। इलाके में छात्रा के अपहरण की सूचना से सनसनी फैल गई। पिता ने रिश्तेदारों पर अगवा करने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष विनोदकुमार गोस्वामी ने बताया कि पिता की तहरीर पर जितेंद्र कुमार, सुशील कुमार, दिवाकर, रेनू को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम को लखीमपुर भेजकर आरोपियों के घर में दबिश दी जा चुकी है, लेकिन आरोपी फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
अगवा छात्रा के पिता राजेश कुमार के मुताबिक, सावनी गहदो स्थित चंद्रशेखर इंटर कॉलेज में पढ़ती है। वह रोज की तरह सोमवार को सुबह नौ बजे स्कूल के लिए निकली थी। उसे बैंक ऑफ इंडिया की गहदो शाखा में तीस हजार रुपये जमा करने थे, इसलिए रकम वह साथ लेकर गई थी।
छात्रा ने अपनी दादी के मोबाइल पर किया था फोन
वह शाम तक घर नहीं पहुंची तो स्कूल से पूछताछ की गई, पता चला कि सावनी स्कूल आई ही नहीं। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिवारीजनों ने इलाके के लोगों के साथ मिलकर सभी संभावित ठिकानों पर तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
पिता के अनुसार, इसी बीच छात्रा ने अपनी दादी सुशीला देवी के मोबाइल पर फोन किया। छात्रा ने बताया कि उसको चाचा रमेश चंद्र शर्मा के दामाद लखीमपुर के शाहूपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने अपने दो साथियों सुशील कुमार, दिवाकर, रेनू व दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। उसे बंधक बनाकर रखा है।