केजीएमयू में गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती की परीक्षा में 80 फीसदी से ज्यादा परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दो पाली में यह परीक्षा प्रदेश के नौ शहरों में हुई।
केजीएमयू में लंबे समय के बाद नियमित पदों पर भर्ती हो रही है। परीक्षा दो चरणों में हो रही है। पहले चरण में आठ प्रकार के करीब 180 पदों पर भर्ती की परीक्षा शुक्रवार को हुई। इसमें रेडियोलॉजी, आप्थोमेलॉजी, ईएनटी, ओटी असिस्टेंट, डायलिसिस टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, कम्प्यूटर प्रोग्रामर और लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा हुई। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि 180 पदों पर हुई भर्ती परीक्षा में करीब 30 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में लगभग 80 फीसदी उपस्थिति रही। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट के आधार पर हुई। इसमें निगेटिव मार्किंग भी थी। इसके तहत तीन गलत जवाब देने पर एक सही जवाब के नंबर काटे जाएंगे। परीक्षा बरेली, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, दिल्ली, प्रयागराज व वाराणसी में भर्ती परीक्षा हुई। प्रवक्ता के अनुसार बताया कि जल्द से जल्द परिणाम घोषित किए जाएंगे।