लखनऊ। केजीएमयू का ईएनटी विभाग बर्खास्त डॉक्टर डॉ. रमेश का रिकाॅर्ड नहीं दे रहा है। डॉ. रमेश को करीब पांच महीने पहले लखीमपुर खीरी की आशा कार्यकर्ता पूनम मौर्य (32) की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत मामले में बर्खास्त किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग ने ईएनटी विभागाध्यक्ष को पत्र भेजकर डॉक्टर का रिकाॅर्ड मांगा था, जो कई हफ्ते बीतने बाद भी नहीं दिया गया है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस कमिश्नर व मदेयगंज थाना प्रभारी को रिमाइंडर भेजकर डॉक्टर को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। वहीं, शुक्रवार को आशा कार्यकर्ता के पति सुरेंद्र ने सीएमओ आफिस पहुंचकर जांच में देरी करने का आरोप लगाया।
पति सुरेंद्र का कहना है कि जांच पूरी न होने से अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। इस पर मामले की जांच कर रही स्वास्थ्य विभाग की कमेटी ने हफ्ते भर का समय मांगा है, जिसके बाद रिपोर्ट बनाकर पुलिस व मानवाधिकार आयोग को भेज दिया जाएगा।