उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली ममता बनर्जी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता से घबरा गई हैं। इसीलिए वे दोनों नेताओं को पश्चिम बंगाल में घुसने से रोक रही हैं।
आगामी लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी को इसका सबक सिखाएगी। उप मुख्यमंत्री मंगलवार को 1090 चौराहे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के ‘पहला वोट मोदी को’ संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने न केवल भ्रष्टाचार के आरोपी आईपीएस को बचाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना की बल्कि संवैधानिक व्यवस्था को भी चोट पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि बुआ भतीजे सहित सारे विपक्षी दल भी एकजुट हो जाएं तब भी नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक पाएंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा 74 सीटें जीतेगी।
मौर्य ने लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को ‘पहला वोट मोदी को’ देने का संकल्प दिलाया। कहा कि ‘विश्वास करो तुम मोदी पर, यह नवयुग का निर्माता है, ऐसा नेता धरती पर बस एक बार ही आता है।’
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने कहा कि युवाओं के सपनों के भारत का निर्माण केवल मोदी ही कर सकते हैं। उनका एक वोट देश के प्रति सबसे बड़ा योगदान होगा। युवा अपना पहला वोट मोदी को देकर एक सुनहरे भारत निर्माण करें। समारोह को मीडिया प्रभारी मनीश दीक्षित ने भी संबोधित किया।
25 वीडियो रथों को दिखाई झंडी
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘पहला वोट मोदी को’ अभियान के तहत 25 वीडियो रथों को झंडी दिखाकर रवाना किया। मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ल ने बताया कि यह रथ सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों में जाएंगे। विश्वविद्यालय, डिग्री कॉलेज, प्रोफेशनल कॉलेजों में युवाओं को मोदी सरकार के कामकाज से अवगत कराएंगे। इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र पटेल, हर्षवर्धन सिंह, आयुषि श्रीमाली, अंजलि द्विवेदी मौजूद रहीं।