काठगोदाम एक्सप्रेस अब सप्ताह में पांच दिन लखनऊ से चलेगी। 19 नवंबर को जारी इस आदेश के बाद रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। अफसराें के मुताबिक रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संचालन की अधिसूचना जारी नहीं की है, जिससे अब तक समय-सारिणी तैयार नहीं हो सकी।
ट्रेन 15043 एवं 15044 काठगोदाम एक्सप्रेस अभी तक सप्ताह में तीन दिन रविवार, बुधवार एवं बृहस्पतिवार को ही चलती है। लखनऊ से काठगोदाम के रूट पर बाघ एक्सप्रेस और गरीब रथ भी चलती हैं। गरीब रथ एक्सप्रेस जहां कानपुर से रवाना होती है तो बाघ एक्सप्रेस हावड़ा से चलकर काठगोदाम पहुंचती है।
ऐसे में लखनऊ से सीधे उत्तराखंड को जोड़ने वाली एकमात्र ट्रेन काठगोदाम एक्सप्रेस को और दिन चलाने की लोग सांसद राजनाथ सिंह से काफी दिनों से मांग कर रहे थे। काठगोदाम एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से चलकर बरेली, बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा जंक्शन, बहेड़ी, किच्छा, पंतनगर, लालकुआं, हल्द्वानी होते हुए काठगोदाम तक चलती है।