प्रदेश सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज में हार्ट हॉस्पिटल के बाद अब कैंसर अस्पताल को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए 9.71 करोड़ रुपये मंजूर भी हो गए हैं।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण को जल्द ही इस अस्पताल को बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। यह अस्पताल भी कन्नौज मेडिकल कॉलेज का ही हिस्सा होगा।
कन्नौज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव का संसदीय क्षेत्र है। इसलिए सरकार यहां तेजी से विकास कार्य करवा रही है। कन्नौज में मेडिकल कॉलेज बनवाने के साथ ही इसका विस्तार भी किया जा रहा है।
कुछ दिनों पहले ही सरकार ने यहां पर हृदय रोग अस्पताल बनाने को मंजूरी दी थी। अब सरकार ने यहां कैंसर अस्पताल स्थापित करने को हरी झंडी देकर 9.71 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा अरिन्दम भट्टाचार्य ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण को आदेश जारी करते हुए कहा कि यह राशि उन्हीं कार्यों में खर्च की जाए जिसके लिए स्वीकृत की गई है। इसमें कोई अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल निर्माण की गुणवत्ता व मानक पूरे करने की जिम्मेदारी महानिदेशक को सौंपी गई है। सरकार ने इसका निर्माण समय पर पूरा करने के लिए भी कहा है।