लखनऊ के पीजीआई में इलाज करवा रहीं बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर की हालत में सुधार हो रहा है लेकिन उनकी रिपोर्ट अभी भी निगेटिव नहीं आई है। रिपोर्ट के निगेटिव आने तक उन्हें कोरोना वार्ड में ही रखा जाएगा।
संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमान ने बताया कि वह सामान्य मरीज जैसा ही व्यवहार कर रही हैं लेकिन जब तक रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती तब तक उन्हें कोरोना वार्ड में ही रखा जाएगा।
इसी तरह यहां एक अन्य संदिग्ध मरीज को भी वार्ड में रखा गया है। उसकी जांच रिपोर्ट बुधवार को आएगी। उधर, सोमवार को कोराना पीड़ितों के इलाज में लगे 40 चिकित्साकर्मियों के सैंपल लिए गए थे। जांच के बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी तरह 10 अन्य की भी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। इन सभी को घर भेज दिया गया है और क्वारंटीन में रहने के लिए कहा गया है।
जांच के लिए कनिका के माता-पिता का सैंपल लिया गया
कनिका कपूर के माता-पिता की जांच के लिए नमूना एकत्र किया गया है। जिसे केजीएमयू माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि कनिका के माता-पिता की पहले भी जांच कराई गई थी। अब दोबारा जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह के संक्रमण का पता लगाया जा सके।