उत्तर प्रदेश के वाराणसी से मुंबई जा रही कामायनी एक्सप्रेस के इंजन में सोमवार की शाम 4:40 बजे आग लगने से अफरातफरी मच गई। बोगियों में धुआं भरने के साथ किसी ने ट्रेन में बम विस्फोट की अफवाह फैला दी।
घबराए यात्री सोनबरसा क्रासिंग पर ट्रेन धीमी होते ही चलती ट्रेन से कूदने लगे। इस घटना में पचास से अधिक यात्रियों को चोटें आईं। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत ट्रेन रोक दी थी अन्यथा घायलों की संख्या ज्यादा हो सकती थी।
मौके पर जुटे ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सेवापुरी से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को करीब एक घंटे बाद रवाना किया गया। इस दौरान रूट बाधित होने से कई ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा।
वाराणसी से रवाना होने के बाद 11072 कामायनी एक्सप्रेस चौखंडी स्टेशन पहुंची तब तक सब ठीक था। वहां से आगे बढ़ने पर ट्रेन सेवापुरी स्टेशन से पहले जैसे ही सोनबरसा क्रासिंग के समीप पहुंची, उसके इंजन में आग लग गई और धुआं बोगियों में फैलने लगा।