लखनऊ। अंडर-19 जसबीर सिंह मेमोरियल क्रिकेट लीग के तहत मंगलवार को सात मुकाबले खेले गए। इसके अंतर्गत कल्पना फाउंडेशन, सीएएल यलो, यार्कर क्लब, सोनी क्लब, स्पोर्ट्स कॉलेज, यूथ क्लब और सीएएल ग्रीन ने जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में कल्पना फाउंडेशन ने प्लेफिट क्लब को आठ विकेट से शिकस्त दी। प्लेफिट के 170 रन के लक्ष्य को कल्पना फाउंडेशन ने 18.2 ओवर में दो विकेट खोकर प्राप्त किया। विजेता टीम से सम्यक त्रिवेदी ने 26 गेंदों पर 77 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अमन सिंह ने तीन विकेट चटकाए।
दूसरे मुकाबले में सीएएल यलो ने विजन क्लब को तीन विकेट से हराया। विजन क्लब के 231 रन के लक्ष्य को सीएएल यलो ने 32.2 ओवर में सात विकेट खोकर प्राप्त किया। विजेता टीम से अभिजीत सिंह ने 52 गेंदों पर नाबाद 91 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि विराट सिंह ने तीन विकेट हासिल किए।
तीसरे मुकाबले में यार्कर क्लब ने सेज क्लब पर दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। सेज क्लब के 143 रन के लक्ष्य को यार्कर क्लब ने आठ विकेट खोकर प्राप्त किया। विजेता टीम से आदर्श गौर ने 36 रन बनाए जबकि कुशाग्र ने तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
चाैथे मुकाबले में सोनी अकादमी ने स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्लब को नौ विकेट से करारी मात दी। स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्लब के 109 रन के लक्ष्य को सोनी क्लब ने 11.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल किए। विजेता टीम से उत्कर्ष ने 52 और प्रभनूर ने 50 रन बनाए, जबकि शिवांश ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए।
पांचवें मुकाबले में गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने स्टैंडर्ड क्लब को चार विकेट से शिकस्त दी। स्टैंडर्ड क्लब क्लब के 197 रन के लक्ष्य को स्पोर्ट्स कॉलेज ने 29वें ओवर में छह विकेट खोकर प्राप्त किया। विजेता टीम से गौरव चौहान ने 78 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि मनीष गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए।
छठे मुकाबले में यूथ क्लब ने राहुल कपूर अकादमी को सात विकेट से पराजित किया। राहुल कपूर अकादमी के 139 रन के लक्ष्य को यूथ क्लब ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर प्राप्त किया। विजेता टीम से शौर्य सिंह ने नाबाद 63 रन की पारी खेलने के अलावा चार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
सातवें लीग मुकाबले में सीएएल ग्रीन ने एसएमआर अकादमी को 42 रन से हराया। सीएएल ग्रीन के 285 रन के जवाब में एसएमआर अकादमी की टीम 34.3 ओवर में 242 रन बनाकर आउट हो गई। विजेता टीम से आदर्श वर्मा ने 91 रन की आतिशी पारी खेली, जबकि तुषार वर्मा ने तीन विकेट झटके