लखनऊ। राजधानी के कैसरबाग, जानकीपुरम बस अड्डे सहित प्रदेश के 49 बस अड्डों को दूसरे फेज में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॅाडल पर विकसित किया जाएगा। बस अड्डों पर अत्याधुनिक सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी। इसमें मॅाल, फूड लाउंज, वेटिंग रूम, शॅापिंग आदि की सुविधाएं रहेंगी।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि बस स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं डिजिटल सूचना प्रणालियों की मजबूत व्यवस्था होगी। सुव्यवस्थित पार्किंग, वाणिज्यिक परिसरों एवं सहायक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इससे रोजगार सृजन, आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि तथा शहरी विकास को गति मिलेगी।
चारबाग व विभूतिखंड बस अड्डे का हो रहा है विकास
पीपीपी मॅाडल पर चारबाग बस स्टेशन की जगह मल्टीस्टोरी बस अड्डा बनाया जा रहा है। जहां रेलवे व मेट्रो से बेहतर कनेक्टिविटी यात्रियों को मिलेगी। वहीं, विभूतिखंड में भी बस अड्डा पीपीपी मॉडल पर बन रहा है।