पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज सिंह की हत्या व चोरी के मामले में मंगलवार को पुलिस ने सीतापुर के तंबौर थाने के ठाकुरपुरवा निवासी दीपक वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दीपक ने इस मामले में चोरी किए गए जेवरात को खरीदा था।
एएसपी योगेश कुमार ने बताया कि 12/13 नवंबर की रात महराजगंज तराई थाने के निबोरिया सुदर्शनजोत में सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चोरों ने 70 वर्षीय पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज सिंह की हत्या कर दी थी। साथ ही आलमारी तोड़कर जेवरात, रुपये व रिवाल्वर चोरी कर लिया था। इस मामले में अखिलेश बहादुर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया कि इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने चहलारी घाट बहराइच - रेऊसा मार्ग सीतापुर से दीपक वर्मा को गिरफ्तार किया है। बताया कि उसने चोरी की गई संपत्ति को खरीदा था। जांच में पाया गया कि पूर्व नियोजित तरीके से एक संगठित गिरोह के रूप में बछराज चौहान के साथ मिलकर दीपक वारदात को अंजाम देता है।
ये भी पढ़ें - हाईकोर्ट के जज के बयान पर घमासान: विहिप ने दी प्रतिक्रिया - अगर उन्होंने ऐसा कहा तो भी हम क्षमाप्रार्थी नहीं
ये भी पढ़ें - मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन, बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न सहित कई मुद्दे उठाए
पुलिस ने दीपक के पास से पीली धातु की चेन, अंगूठी, कान की बाली, नाक की नथिया, पायल सहित अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। बताया कि दीपक के ऊपर बलरामपुर के साथ ही लखीमपुर खीरी के ईसानगर, सीतापुर के सकरन, सिद्धार्थनगर के इटवा व चिल्हिया में भी अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
मुठभेड़ में पहले ही पकड़ा जा चुका है मास्टरमाइंड
पुलिस ने इस मामले में 17 नवंबर की रात को जरवा में हुई मुठभेड़ में सीतापुर के तंबौर थाने के कोलगढ़ निवासी बछराज चौहान को गिरफ्तार किया था। इसके अगले दिन 18 नवंबर को वारदात में शामिल सीतापुर के तंबौर थाने के औरी साईपुर निवासी राज कुमार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अभी एक अन्य आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।