क्रासर- अलीगंज राजकीय आईटीआई परिसर में हुए रोजगार मेले में हुआ चयन
क्रासर- मारुति सुजुकी ने किया था आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। अलीगंज राजकीय आईटीआई परिसर में मारुति सुजुकी कंपनी के मानकों पर अभ्यर्थी खरे नहीं उतर पाए। कंपनी की कैंपस ड्राइव के तहत हुए साक्षात्कार और लिखित परीक्षा में 815 अभ्यर्थी फेल हो गए। हालांकि, कंपनी की तरफ से दो महीने बाद इन अभ्यर्थियों को एक और मौका देने की बात कही गई है। प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि साक्षात्कार और लिखित परीक्षा में 1125 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, लेकिन इनमें से केवल 310 अभ्यर्थियों का ही चयन हो सका।
मारुति सुजुकी कंपनी की तरफ से पिछले एक साल में पहली बार बड़े स्तर पर कैंपस ड्राइव का आयोजन सोमवार को किया गया था। यहां लखनऊ मंडल के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से अभ्यर्थी भी पहुंचे। प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि सोमवार को प्रतिभागी अभ्यर्थियों से लिखित परीक्षा ली गई। 1125 की हुई परीक्षा में केवल 453 अभ्यर्थी पास हुए। उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से मंगलवार को साक्षात्कार लिया गया। लिखित और साक्षात्कार में 310 अभ्यर्थियों को चयनित कर उन्हें ऑफर लेटर दिया गया। प्लेसमेंट अधिकारी ने बताया कि फ्रेशर और अन्य पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को हर माह 28 हजार रुपये वेतन और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।