एलयू में हंगामा-मारपीट और विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। ताजा मामला सुभाष छात्रावास का है। बृहस्पतिवार को देर रात हॉस्टल के बाहर हंगामा कर रहे छात्रों का विरोध करने पर बीपीएड प्रथम वर्ष के छात्रों को बेल्ट, रॉड और डंडे से खूब पीटा गया। आरोप है कि प्रॉक्टर से शिकायत की तो उन्होंने बात सुनने के बजाय पीड़ित छात्रों से अभद्रता की।
पिटाई करने वालों ने जान से मारने की धमकी दी है। इससे डरे छात्रों ने कुलपति को पत्र लिख कर कहा कि उन्हें यहां नहीं पढ़ना, इसलिए उनका दाखिला निरस्त कर दिया जाए। पीड़ित छात्रों का कहना है कि पीटने वाले बीकॉम के छात्र हैं।
कुलपति को प्रार्थनापत्र देने वाले बीपीएड प्रथम वर्ष के छात्र तरुण और गौरव ने बताया कि वे सुभाष छात्रावास में कमरा संख्या 88 और उनके मित्र कमरा संख्या 87 में रहते हैं। बृहस्पतिवार रात वे पढ़ाई कर रहे थे। रात में करीब 10.30 बजे हॉस्टल और कुछ बाहरी छात्रों ने शराब पीकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया।
इसके बाद अचानक पूरे हॉस्टल की लाइट बंद कर दी गई। विरोध करने पर हम दोनों के साथ ही विजय प्रताप सिंह और अभिषेक द्विवेदी को बुरी तरह मारने लगे। बीपीएड प्रथम वर्ष के छात्र विजय प्रताप सिंह को बेल्ट, लोहे की रॉड और डंडों से बुरी तरह से मारा।
दर्ज हुई एफआईआर और रैगिंग सेल में भी शिकायत
डेमो
- फोटो : SELF
पिटाई की वजह से वह बेहोश हो गया। विजय के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। इसकी शिकायत जब प्रॉक्टर से की गई तो उन्होंने उन्होंने परिचय पत्र छीनकर अपने पास रख लिया। इसके बाद उन्होंने आवंटन पत्र की मांग की। न देने पर दुर्व्यवहार किया।
उनके अनुसार उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। अगर परिसर में सुरक्षा नहीं दी जा सकती तो फिर दाखिला निरस्त करके फीस वापस कर दी जाय। पीड़ित छात्र विजय प्रताप सिंह नेहसनगंज कोतवाली में तुषार राय और आयुष जायसवाल तथा 15-20 अन्य अज्ञात छात्रों पर एफआईआर दर्ज कराई।
पीड़ित छात्र ने अपना मेडिकल भी कराया। एफआईआर दर्ज होने के बाद देर शाम तक दोनों पक्ष मे समझौता कराने की प्रक्रिया जारी थी। विजय का कहना था इस मामले में उस पर दबाव बनाया जा रहा है।
मारपीट की घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने यूजीसी के एंटी रैगिंग नंबर पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज कराई। बाद में पता चला कि पीटने वाले छात्र उनके जूनियर यानी बी-कॉम के ही हैं। प्रॉक्टर के अनुसार यह मामला सिर्फ मारपीट का है, रैगिंग जैसी कोई बात नहीं है।
एक दिन पहले भी हुई थी मारपीट
डेमो
- फोटो : amar ujala
लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार शाम भी इसी छात्रावास में मारपीट हुई थी। बुधवार को हुई मारपीट में एमए थर्ड सेमेस्टर के एक छात्र को पीटा गया। पीड़ित छात्र का कहन है कि बुधवार शाम जब वह क्रिकेट खेल रहा था तो उसी समय तीन लड़के मौके पर आए। तीनों शराब पिये हुए थे। वे बैट छीनने लगे। मना करने पर उन्होंने जमकर पिटाई कर दी।
दोषी पर होगी कड़ी कार्रवाई
हॉस्टल में मारपीट की घटना के बाद तुरंत ही मैं मौके पर गया था। मौजूद छात्रों से पूछताछ की थी। पीड़ित छात्र की तहरीर को कोतवाली के लिए मार्क कर दिया था। छात्र से दुर्व्यवहार का सवाल ही नहीं उठता। जांच करने पर पता चला कि कुछ छात्र अपना बर्थडे मना रहे थे। इसके बाद ही यह मारपीट हुई है। इसमें जो भी छात्र दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - प्रो.विनोद सिंह