स्किल डवलपमेंट के लिए श्रमिकों को विशेष प्रशिक्षण भी
सेवायोजन विभाग अब उद्योग व श्रम विभाग के सहयोग से नियोजकों को उनकी जरूरत के हिसाब से ब्लॉक स्तर पर योग्य प्रतिभागी उपलब्ध कराएगा। इसके लिए रिक्तियों को सेवायोजन पोर्टल पर अपलोड कर हर ब्लॉक मुख्यालय पर रोजगार मेला का आयोजन होगा। अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया कराने को प्रशासन एक ठोस कार्य योजना भी तैयार कर जल्दी लागू कराएगा। यह जानकारी सीडीओ मनीष बंसल ने दी।
बंसल ने कहा कि श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मुहैया कराने को स्किल डवलपमेंट के तहत तकनीकी जानकारी देने को ब्लॉक स्तर पर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही कृषि विभाग की मदद से जिले में स्थापित गौ आश्रय स्थलों के आस-पास के किसानों को प्राकृतिक खेती करने को जागरूक कर स्वरोजगार के अवसर भी मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी रोजाना कम से कम दो गांवों का निरीक्षण कर वहां के किसानों को जागरूक करेंगे ताकि किसानों को यह समझाया जा सके कि ऐसा करने से उनकी लागत में कमी के साथ आमदनी में वृद्धि होगी। ऊसर व बंजर भूमि को चिह्नित कर उसमें मनरेगा से मेड़बंदी करा बाउन्ड्री के किनारे बायो फेन्सिग भी तैयार कराई जाएगी।