रोजगार मेला : छह कंपनियों में 144 प्रशिक्षु चयनित
लखनऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चारबाग में बृहस्पतिवार को आयोजित रोजगार मेले में छह कंपनियों ने 144 प्रशिक्षुओं का चयन किया। यह चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) और राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस) के तहत किया गया, जिसमें 250 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 144 उम्मीदवार अंतिम रूप से चयनित हुए।
आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार चौहान ने बताया कि मेले में वधवानी फाउंडेशन की पहल पर विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया। चयनित प्रशिक्षुओं को उनकी योग्यता के आधार पर 12,000 से 18,000 रुपये तक का मासिक मानदेय मिलेगा।
रोजगार मेले में शामिल प्रमुख कंपनियों में फेम इंडस्ट्रीज, डिक्सन टेक्नोलॉजी, सोना कॉमस्टर, हैवेल्स, भाटिया अलॉय और पेप्सिको रहीं। चयनित प्रशिक्षुओं को राजस्थान, नोएडा, गुड़गांव, मानेसर, फरीदाबाद और मथुरा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलेगा। कंपनीवार सूची अगले सप्ताह जारी की जाएगी।