लखनऊ। ऐतिहासिक शाहनजफ इमामबाड़े की जर्जर हालत पर पूर्व राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने चिंता जताई। उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को पत्र भेज कर इमामबाड़े को सुरक्षित रखने के लिए नियमित देखभाल करने की मांग की।
एएसआई लखनऊ मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद् को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि इमामबाड़ा शाहनजफ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षणाधीन एक अधिसूचित विरासत स्मारक है। मौजूदा समय में इमामबाड़े की स्थिति जर्जर हो चुकी है। बाहरी हिस्सों का प्लास्टर और मसाले की परतें लगातार गिर रही हैं। इसके अलावा अंदर कक्षों और गलियारों में गहरी दरारें आ गई हैं। उन्होंने कहा कि इमामबाड़े की छत और दीवारों से प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े गिरने से संरचना की ऐतिहासिकता पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने स्मारक की वर्तमान दशा का तकनीकी सर्वेक्षण और संरचनात्मक मूल्यांकन कराने, संरक्षण, मरम्मत और संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत परियोजना स्वीकृत कर क्रियान्वयन करने और इसके दीर्घकालिक संरक्षण और नियमित रखरखाव के लिए प्रबंधन योजना बनाने की मांग की।