लखनऊ। गुडंबा, गोमतीनगर विस्तार और गोमतीनगर के तीन घरों से नकदी और जेवर चोरी हो गए। सभी मामलों में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गुडंबा के सेक्टर-जी जानकीपुरम निवासी पद्मा अग्रवाल के अनुसार वह सात मार्च को कानपुर गई थीं। नौ मार्च की दोपहर जब वह घर पहुंचीं तो कमरों के ताले टूटे थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर उनके घर से जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश चोर वारदात को अंजाम देते हुए नजर आए। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेष कुमार का कहना है कि फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।
गोमतीनगर विस्तार के मलेशेमऊ सेक्टर-6 निवासी रवीश कुमार त्रिपाठी के अनुसार वह 11 मार्च को उज्जैन गए थे। लौटने पर खिड़की टूटी मिली। उनके घर से 10 हजार रुपये और जेवर चोरी हो चुके थे। घर में काम करने वाली नौकरानी चंद्रा भी गायब थी। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि रवीश ने चंद्रा के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोमतीनगर के विरामखंड की रहने वाली शालिनी सक्सेना के घर से चार तोले का सोने का सेट चोरी हो गया। उन्होंने सहेली सपना, उसके पति नितिन और उसके साथी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शालिनी ने बताया कि 28 फरवरी से 6 मार्च के बीच सपना उनके घर रुकी थी। चार मार्च को सपना का पति व दोस्त घर आए थे। इस दौरान अलमारी में रखा सोने का सेट चोरी हो गया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।