मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन की व्यवस्था और डीपीआर बनाने के लिए कंसल्टेंट नियुक्ति का काम तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि चार चरणों में बनने वाले इस एयरपोर्ट को पीपीपी मॉडल पर बनाया जाएगा। उन्होंने आदेश दिया कि इसके लिए एक स्पेशल परपज व्हिकल (एसपीवी) भी गठित की जाएगी। इसके जरिये आगे की सभी कार्रवाई पूरी होगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां एनेक्सी स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू के साथ प्रदेश में मौजूदा व निर्माणाधीन हवाई अड्डों तथा उड़ान सुविधाएं बढ़ाने के बारे में विचार-विमर्श कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जेवर से नई दिल्ली को सीधे जोड़ने के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाए। योगी ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी के लिए राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
'लगभग 900 प्लेन के लिए ऑर्डर प्लेस किए जा चुके हैं'
नागरिक उड्डयन मंत्री राजू ने कहा, केंद्र सरकार ने नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया है। 2014 तक जहां देश में मात्र 395 हवाई जहाज थे, वहीं पिछले तीन साल में लगभग 900 विमानों के लिए ऑर्डर प्लेस किए जा चुके हैं। ये सभी अगले 3 से 4 साल में उपलब्ध हो जाएंगे। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस व तेल के दाम में कमी से इस क्षेत्र का काफी विस्तार हो रहा है।
अर्धकुंभ के पहले तैयार करें इलाहाबाद का टर्मिनल भवन
मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद के हवाई टर्मिनल भवन व अन्य आधारभूत सुविधाओं का काम अर्द्धकुंभ-2019 से पहले तैयार करने का आग्रह किया।
उन्होंने नागरिक उड्डयन विभाग के प्रदेश के अधिकारियों को कहा कि इलाहाबाद में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए जमीन सितंबर तक उपलब्ध करा दी जाए ताकि मार्च तक टर्मिनल भवन का शिलान्यास हो जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन के दृष्टिकोण से उप्र बड़ा बाजार है। यहां धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट का होगा विस्तार, शहीद पथ से जुड़ेगा
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट व वाराणसी में उपलब्ध सुविधाओं की चर्चा की।
उन्होंने मुख्य सचिव राजीव कुमार को निर्देशित किया कि लखनऊ में प्रस्तावित नए टर्मिनल भवन के निर्माण व अन्य सुविधाओं के लिए 70 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने को नागरिक उड्डयन मंत्रालय से बात कर 15 दिनों में अंतिम निर्णय कर लें।
यहां नया टर्मिनल बनाने के लिए लगभग 1,200 करोड़ रुपये का निवेश विमान पत्तन प्राधिकरण करेगा। एयरपोर्ट को शहीद पथ से जोड़ने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बनेगा।