चौपटिया इलाके में भी बिजली चोरी की जांच करने गए जेई, एसडीओ व टीम के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। अधिशासी अभियंता सुशील कुमार के अनुसार, तंबाकू मंडी में रविवार रात पांच उपभोक्ताओं को मौके पर ही बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। सभी पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है। इस दौरान बिजली चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं ने टीम पर हमला किया, जिसमें एक लाइनमैन को गंभीर चोटें आईं। सहादतगंज थाने में मारपीट का केस दर्ज कराया गया है।
शांतिभंग की कार्रवाई पर अड़ी थी पुलिस
घटना के बाद जब अवर अभियंता जानकीपुरम थाने पहुंचे तो पुलिस आरोपियों पर सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई करने की बात कहने लगे। वहीं, बिजली विभाग के एमडी भी थाने आ गए। उन्होंने जब पुलिस आयुक्त से शिकायत की तो पुलिस ने तुरंत तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
इसके पहले इन जगहों पर हुए हमले
बिजली कर्मियों पर पांच दिन के भीतर हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले जीपीआरए उपकेंद्र के मिश्रपुर इलाके में शनिवार आधी रात 1:30 बजे 150 परिवारों का बिजली संकट दूर करने गए दो कर्मियों ओम प्रकाश और अमरदीप पर चार-पांच दबंगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया था। रविवार रात चौपटिया में भी बिजली टीम पर हमला हुआ था।