फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Janata Curfew In UP Live Updates: यूपी में 16 जिले होंगे लॉकडाउन, सीएम योगी ने किया एलान

Mon, 23 Mar 2020 12:30 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

देश में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में लॉकडाउन करने की घोषणा कर दी है। सीएम योगी ने लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लखनऊ समेत बनारस, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, बरेली, आगरा, प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, सहारनपुर, लखीमपुर, आजमगढ़, पीलीभीत और मुरादाबाद जिले 25 मार्च, 2020 तक के लिए लॉकडाउन कर दिया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:29 AM, 23-Mar-2020

स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों-कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश

महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. रुकुमकेश ने स्वास्थ्य विभाग के सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को बिना अनुमति और बिना रिलीवर के मुख्यालय न छोडऩे के निर्देश जारी किए हैं। सभी को फोन पर भी रहने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को जारी दिशा निर्देशों में सभी चिकित्साकर्मियों को संक्रमण को रोकने के संबंध में जागरूक करने, दवा, उपकरणों के उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

05:29 PM, 22-Mar-2020

यूपी में 16 जिले लॉकडाउन

सीएम योगी ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए गोरखपुर सहित प्रदेश के 16 जिलों को लॉकडाउन किया जा रहा है। उन्होंने अपने मीडिया संबोधन में जानकारी दी कि यूपी रोडवेज की बसें न तो यूपी से बाहर जाएंगी और न ही दूसरे राज्यों की बसे इन जिलों में आ पाएंगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह लॉकडाउन 25 मार्च तक लागू रहेगा। इस दौरान जरूरत का सामान जैसे अनाज, दूध, सब्जी व दवा की सभी सेवाएं खुली रहेंगी।

इन जिलों को किया गया लॉकडाउन-
लखनऊ, बनारस , गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, बरेली, आगरा, प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, सहारनपुर, लखीमपुर, आजमगढ़ और मुरादाबाद और पीलीभीत।

05:05 PM, 22-Mar-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुसार आज रविवार 22 मार्च को देश में जनता कर्फ्यू का लोग पालन कर रहे हैं। इस बीच ठीक 5 बजे उत्तर प्रदेश के लोगों ने कोरोना सेनानियों का सम्मान में ताली-थाली और शंखनाद किया गया।  


 

विज्ञापन
03:45 PM, 22-Mar-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरा देश आज जनता कर्फ्यू में हिस्सा ले रहा है। वहीं गोरखपुर, सहारनपुर, बागपत समेत कई अन्य जिलों में जनता कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। यह अब रविवार सुबह सात बजे से अगले दिन सोमवार को सुबह छह बजे तक जनता कर्फ्यू जारी रहेगा।
वहीं सहारनपुर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने अमर उजाला को बताया कि जनता कर्फ्यू जो 22 मार्च को प्रातः 7बजे से रात्रि 9 बजे तक था, उसकी समय अवधि बढ़ाकर 23 मार्च को प्रातः 6 बजे तक कर दी गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील है कि जनता कर्फ्यू को शत प्रतिशत सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

बागपत में भी जिलाधिकारी शकुन्तला गौतम ने जनता कर्फ्यू की अवधि कल सुबह (23 मार्च 2020) सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ाए जाने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी जनपद वासियों से अपील की है कि जनता कर्फ्यू के लिए सभी सहयोग करें और कोरोना वायरस से बचने के लिए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। सावधानियों के प्रति एक दूसरे को जागरूक करें। सभी जनपद वासी सतर्क रहें और सावधान रहें।

03:40 PM, 22-Mar-2020

कांग्रेस नेता जतिन प्रसाद व उनकी पत्नी सहित 24 की रिपोर्ट निगेटिव

बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस नेता जतिन प्रसाद व उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। इसके अलावा जिन 51 लोगों के सैंपल लिए गए थे उनमें से 24 की रिपोर्ट निगेटिव आई है जो कि राहत भरी खबर है। जबकि बाकी की रिपोर्ट रात आठ बजे आएगी।बता दें कि लंदन से लखनऊ आने के बाद कनिका कपूर ने लखनऊ व कानपुर में कई पार्टियां की थीं और कई लोगों के सीधे संपर्क में आई थीं। जिसमें कई बड़े नेता व अफसर शामिल हुए थे। ये सभी लोग कनिका के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सकते में आ गए थे।

कनिका की पार्टी में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व उनके सांसद बेटे दुष्यंत भी शामिल हुए थे। उन्होंने भी अपनी जांच करवाई और उन्हें भी कोरोना निगेटिव पाया गया।

विज्ञापन
03:12 PM, 22-Mar-2020

महराजगंज जिला अस्पताल के इमरजेंसी में बेड ही नहीं, डॉक्टर की कुर्सी भी खाली

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए लोग घरों से नहीं निकले। आलम यह रहा कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लगा बेड भी खाली रहा, वहीं डॉक्टर की कुर्सी भी खाली रही। पास में बैठा एक कर्मी ड्यूटी पर तैनात मिला।

03:11 PM, 22-Mar-2020

सारा दिन बार्डर पर सन्नाटा

इस बार्डर से कर्फ्यू के दौरान नेपाल से आवागमन ठप रहा। सारा दिन बार्डर पर सन्नाटा पसरा रहा। उधर केवल बार्डर से तेल के टैंकर ही नेपाल भेजे गए। उधर बनगवां बाजार भी कर्फ्यू के चलते पूर्ण रूप से बंद रहा।

02:53 PM, 22-Mar-2020

जनता कर्फ्यू को लेकर भारत नेपाल-सीमा गौरीफंटा बार्डर पूर्ण से बंद

वहीं, जनता कर्फ्यू को लेकर भारत नेपाल-सीमा गौरीफंटा बार्डर पूर्ण से बंद रहा। कर्फ्यू के दौरान बार्डर पर आवागवन बंद रहा, लेकिन तेल के टैंकर नेपाल गए। रविवार को जनता कर्फ्यू पर भारत-नेपाल गौरीफंटा बार्डर सुबह 7 बजे से बंद हो गया।

01:54 PM, 22-Mar-2020

रेलवे का बड़ा फैसला, 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें निरस्त

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस फैलने से रोकने और बचाव के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें निरस्त कर दी हैं। मालगाड़ियों का संचालन जारी रहेगा। जो ट्रेनें निरस्त की गई हैं उनका रिफंड 21 जून तक काउंटरों से लिया जा सकता है। जो ट्रेनें चल रही हैं और उनकी यात्रा पूरी नहीं हुई है वह अपने स्टॉपेज पर जाकर रुक जायेंगी। इन ट्रेनों की 31 मार्च के बाद ही वापसी होगी।

01:29 PM, 22-Mar-2020

झांसी में भी जनता कर्फ्यू का असर

झांसी में भी जनता कर्फ्यू का असर दिखाई दे रहा है। सड़कें वीरान पड़ी हुईं हैं। रामराजा की नगरी ओरछा  में सन्नाटा पसरा हुआ है। 
 

01:27 PM, 22-Mar-2020

शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक ने की धरना स्थगित करने की अपील

लखनऊ में शिया धर्मगुरु मौलाना डॉक्टर कल्बे सादिक़ ने घंटाघर पर सीएए और एनआरसी के विरोध में बैठी महिलाओं से धरने को स्थगित करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से उपजे हालात को मद्दे नजर रखते हुए धरने को स्थगित कर दें। जैसे ही देश से कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी खत्म हो जाए, महिलाएं फिर से धरना कायम करें। साथ में केजीएमयू के डॉ कौसर उस्मान ने भी अपील की है।

12:53 PM, 22-Mar-2020

मुरादाबाद में ईदगाह में सैकड़ों लोग हुए जमा

जनता कर्फ्यू के दौरान मुरादाबाद में मुस्लिम इलाकों को छोड़कर पूरा शहर बंद है। ईदगाह में सैकड़ों लोग इकट्ठा हैं। लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। जामा मस्जिद के पास भी काफी लोग हैं। लोग ईदगाह की तरफ आ रहे हैं। एसएसपी और डीएम ने निरीक्षण किया है। ईदगाह पर इकट्ठा लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वीडियोग्राफी कर लोगों को चिन्हित कर कल नोटिस जारी किए जाएंगे।
 

12:41 PM, 22-Mar-2020

शाहीन बाग में पेट्रोल बम से धमाके की सूचना के बाद शाहजमाल में बढ़ाई गई सुरक्षा

 अलीगढ़ में सीएए और एनआरसी के विरोध में दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर शाहजमाल ईदगाह के सामने जारी धरना प्रदर्शन की सुरक्षा बढ़ाई गई है। यह सुरक्षा शाहीन बाग में पेट्रोल बम से धमाका होने की सूचना के बाद बढ़ाई गई है। थाना देहली गेट इंस्पेक्टर के अनुसार धरना स्थल पर प्रदर्शनकारी महिलाओं की सुरक्षा में दो इंस्पेक्टर, 5 सब इंस्पेक्टर, दो महिला सब इंस्पेक्टर, महिला कॉन्स्टेबल और पुरुष कांस्टेबलों की एक-एक टुकड़ी के साथ ही 45 वीं वाहिनी पीएसी की एक प्लाटून को तैनात किया गया है।

इसके साथ ही यहां अग्निशमन की भी एक गाड़ी को सुरक्षा में तैनात किया गया है। इंस्पेक्टर के अनुसार धरना प्रदर्शन में जैसी भी स्थिति बनती है उसके लिए पर्याप्त सुरक्षा बल रिजर्व में भी रखा गया है। उच्चाधिकारियों की ओर से बताया गया है कि अगर किसी भी प्रकार की गतिविधि बढ़ती है तो तत्काल आरआरएफ और आरएएफ के जवानों को भी तैनात कर दिया जाएगा।

बता दें कि आज जनता कर्फ्यू में सहभागिता की अपील जिला पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से की थी, लेकिन यह महिलाएं अपनी जिद पर अड़ी रहीं। अन्य दिनों की अपेक्षा यहां भारी संख्या में महिलाएं और पुरुष धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचकर पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं।

12:37 PM, 22-Mar-2020

मुंबई से बड़ी संख्या में लोग आए लखनऊ, बसों से अन्य जिलों को रवाना

कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंदी के कारण महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में लोग यूपी आ रहे हैं। आज सुबह मुख्य रूप से पुष्पक एक्सप्रेस से सैकड़ों लोग लखनऊ पहुंचे हैं। जिला प्रशासन ने इन सभी यात्रियों को स्टेशन पर ही रोक लिया और परिवहन निगम की बसें बुलवाकर  विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। यात्रियों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। यह लोग लखनऊ से गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, महाराजगंज, देवरिया, मऊ, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, फैजाबाद आदि जिलों के लिए रवाना किए गए हैं।

12:08 PM, 22-Mar-2020

जनता कर्फ्यू को प्रभावी बनाने के लिए सड़क पर उतरा प्रशासनिक अमला

अलीगढ़ में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए एक दिवसीय जनता कर्फ्यू को प्रभावी बनाने के लिए रविवार सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अमला शहर की सड़कों पर उतर आया है। 25 सेक्टरों में शहर को बांटा गया है। सभी सेक्टरों के मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर रहे हैं। 

इसके साथ ही एसीएम प्रथम व द्वितीय, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम सिटी एडीएम वित्त, एडीएम प्रशासन लगातार जिले में भ्रमण करते हुए लोगों से जनता कर्फ्यू में सहभागिता निभाने की अपील करते हुए घरों में रहने की नसीहत दे रहे हैं। 

इस दौरान यह भी देखने में आया कि कई लोग अपने मोटरसाइकिल या स्कूटर से शहर में घूम रहे हैं। इन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस इनके चालान कर रही है। कई जगह इन चलाना को लेकर वाहन चालक और पुलिसकर्मियों की नोकझोंक भी हो गई। 

एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इस दौरान उनको कई युवक सड़कों पर टहलते नजर आए। उनको रोकने-टोकने पर उन्होंने विरोध जताया। इस पर उन्हें स्वास्थ्य का हवाला देते हुए फटकार लगाई गई। 

घरों में रहने की नसीहत दी गई है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के अनुसार कोरोना अलर्ट को लेकर 10 से अधिक लोगों को एक साथ ना जुटने की चेतावनी दी गई है। इस आदेश का जो भी लोग पालन नहीं कर रहे हैं। उनके खिलाफ सरकारी आदेशों की अवहेलना के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
 

11:53 AM, 22-Mar-2020
500 से महिलाएं धरनास्थल पर पहुंची - फोटो : अमर उजाला

शाहजमाल धरने में 'जनता कर्फ्यू' बेअसर

अलीगढ़ में प्रशासन की लाख अपीलों के बाद भी जिद पर अड़ी महिलाओं की संख्या रविवार को 500 से अधिक पहुंच गई। सीएए और एनआरसी के विरोध में शाहजमाल ईदगाह के सामने जारी धरना प्रदर्शन में जनता कर्फ्यू रविवार सुबह से ही बेअसर दिखाई दिया। 

जनता कर्फ्यू में सहभागिता कि लाख अपीलों के बाद भी यह महिलाएं अपनी जिद पर अड़ी रहीं। पिछले 2 सप्ताह से यहां 40 से 50 महिलाओं की ही भीड़ दिन में दिखाई दे रही थी, लेकिन रविवार को यह संख्या अचानक से 500 से 600 के करीब पहुंच गई। थाना पुलिस ने यहां धरने को आने वाली महिलाओं को समझाने की कोशिशें करते हुए लौटाना चाहा तो महिलाओं ने उग्र तरीके से नारेबाजी की। 

महिलाओं ने साफ कहा कि उन्हें कोरोना वायरस से नहीं बल्कि मोदी के काले कानून से खतरा है। कोरोना वायरस से हिफाजत अल्लाह करेगा। पुलिस प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर में धारा 144 लागू है। कोरोना वायरस के अलर्ट के चलते 10 से अधिक लोगों को एक साथ ना इकट्ठा होने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी यह महिलाएं यहां पर भारी संख्या में आकर बैठी इससे उन्होंने सरकारी आदेशों की अवहेलना की है। इन सभी महिलाओं को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। इन सब के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

11:36 AM, 22-Mar-2020

जंक्शन पर सिर्फ आरक्षित टिकट वालों को ही प्रवेश

कोरोना वायरस के चलते प्रयागराज जंक्शन पर रविवार को सिर्फ आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश दिया गया। सिटी साइड स्थित जनरल टिकट वाले यात्रियों को बाहर से ही वापस भेज दिया गया। इस बीच वाशिंग लाइन में खड़ी ट्रेनों को सैनिटाइज करने का काम भी किया गया। खासतौर से जनरल कोच की सफाई विशेष रूप से की गई।

खाली-खाली एयरपोर्ट, 200 से ज्यादा टिकट निरस्त
जनता कर्फ्यू का असर प्रयागराज एयरपोर्ट पर भी दिखा। सुबह से यहां गिनती भर ही यात्री दिखे। इस बीच तमाम यात्रियों ने अपने टिकट भी रविवार के निरस्त कराएं। एयरपोर्ट अफसरों के मुताबिक रविवार को विभिन्न शहरों में जाने वाली फ्लाइट ओके तकरीबन 200 टिकट निरस्त हुए।
 

10:34 AM, 22-Mar-2020
गंगा घाट पर पसरा सन्नाटा। - फोटो : अमर उजाला।

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में दिखा जनता कर्फ्यू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता कर्फ्यू की अपील का व्यापक असर रविवार सुबह से ही उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी देखने को मिला। गंगा घाटों और गलियों से लेकर बाजारों तक चौतरफा सन्नाटा पसरा रहा। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च भी जनता कर्फ्यू के समर्थन में बंद रहे। इस बीच डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी शहर का भ्रमण कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने बताया कि काशी की जनता अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता के साथ आत्मसाध कर अपने-अपने घरों में है। पुलिस को कहा गया है कि यदि कोई दुकान खोले या सड़क पर अनावश्यक घूमे तो उसे समझा-बुझाकर घर भेज दें।

जनता कर्फ्यू को लेकर काशी की गलियों भी सन्नाटा पसरा हुआ है। गंगा घाट पर लोगों की भीड़ अब देखने को नहीं मिल रही है, जैसे पहले की तरह हुआ करती थी। बीएचयू गेट पर भी सन्नाटा पसरा है, जबकि यहां 24 घंटे जाम की स्थिति बनी रहती थी।

10:31 AM, 22-Mar-2020

नेपाल बार्डर स्थित सम्पूर्णानगर बाजार पूर्ण रूप से बंद

नेपाल बार्डर स्थित सम्पूर्णानगर बाजार पूर्ण रूप से बंद है। पान, सब्जी, होटल सभी दुकानें बंद हैं, सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। 

10:28 AM, 22-Mar-2020

प्रयागराज की सड़कों पर सन्नाटा पसरा

जनता कर्फ्यू के दौरान प्रयागराज की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। 

10:18 AM, 22-Mar-2020

जनता कर्फ्यू का असर, सड़कों पर सन्नाटा दुकानें बंद

मुरादाबाद में सड़कों पर जनता कर्फ्यू का खासा असर देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह 7 बजे कांठ रोड पर सन्नाटा पसरा नजर आया। पीएसी तिराहे पर सुबह चार बजे से अखबार के हॉकरों की भीड़ जुट जाती थी। लेकिन आज यहां कोई नजर नहीं आया। इक्का-दुक्का लोग ही अपने घरों से बाहर निकले। वह भी केवल यह देखने के लिए आए हैं कि जनता कर्फ्यू को लेकर क्या सब कुछ बंद हो गया है। दूध की दुकान से लेकर परचून की दुकान तक सब कुछ पूरी तरह से बंद रखा गया है। सड़कों पर बीच-बीच में पुलिस के सायरन बजाते गाड़ियों के सिवा कुछ नहीं नजर आ रहा है। नवीन नग, अवन्तिका कालोनी, पीएसी तिराहा, कांठ रोड, दीन दयाल नगर में भी ऐसा ही हाल है। मुरादाबाद दिल्ली रोड पर भी सन्नाटा है। मुरादाबाद कांठ रोड भी सूना पड़ा है। 

10:15 AM, 22-Mar-2020

जनता कर्फ्यू का असर, सड़कों पर सन्नाटा पसरा

रामपुर में जनता कर्फ़्यू के दौरान हाइवे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। जनता कर्फ्यू का असर दिखाई दे रहा है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। 
 

10:14 AM, 22-Mar-2020

डीएम ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डे का निरीक्षण किया

रामपुर के जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह जनता कर्फ्यू के बारे में बता रहे हैं। डीएम ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डे का निरीक्षण भी किया है। रामपुर में रविवार की सुबह 7 बजे जनता कर्फ्यू के दौरान स्टार चौराहे पर सन्नाटा पसरा रहा।

10:10 AM, 22-Mar-2020

कानपुर में आईआईटी में भी आवागमन बंद

कानपुर में जनता कर्फ्यू के चलते आईआईटी में भी आवागमन बंद रहा। गोवा गार्डन के पास मेट्रो का काम भी बंद कर दिया गया।
 

10:10 AM, 22-Mar-2020

झांसी के सदर बजार में सन्नाटा पसरा

वहीं, झांसी में सुबह साढ़े छह बजे मानिक चौक का जनता कर्फ्यू के दौरान इलाका सुनसान पड़ा दिखाई दिया। झांसी में सदर बजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। 
 

10:10 AM, 22-Mar-2020

बदायूं में भी जनता कर्फ्यू का असर

उत्तर प्रदेश के बदायूं में भी जनता कर्फ्यू का असर दिख रहा है। बदायूं रेलवे स्टेशन सुनसान पड़ा है। 

 

09:58 AM, 22-Mar-2020

आने वाले दिनों में भी जनता कर्फ्यू के लिए तैयार रहें: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी जनता कर्फ्यू के लिए तैयार रहें। प्रदेश में कोरोना वायरस के 27 संक्रमित मिले, जिनमें से 11 मरीज ठीक हुए हैं।
 

09:52 AM, 22-Mar-2020

यह कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई है: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि आज पूरे देश में जनता कर्फ्यू मनाया जा रहा है। यह कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई है। महामारी को हराने और इसके प्रसार को रोकने के लिए यह सबसे अच्छा तरीका है। राज्य सरकार ने COVID-19 से लड़ने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए हैं।
 

09:46 AM, 22-Mar-2020

शाहजहांनपुर में मोहम्मदी के प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर में लगा ताला

शाहजहांनपुर में मोहम्मदी के प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर में ताला लगा है और मोहम्मदी गोला मार्ग पर सन्नाटा पसरा है। 

09:45 AM, 22-Mar-2020

लखीमपुर खीरी में शाहपुरा चौराह पर पसरा सन्नाटा



लखीमपुर खीरी में शाहपुरा चौराहे और गुरु गोविंद सिंह चौराहे पर सन्नाटा पसरा है। लखीमपुर खीरी में पेट्रोल पंप बंद हैं। 

09:29 AM, 22-Mar-2020
शामली का शिव चौक - फोटो : अमर उजाला

सूना पड़ा शामली का शिव चौक

शामली का शिव चौक सूना पड़ा है। सुबह 6 से 7 बजे के बीच ही लोगों ने जरूरी काम निपटाया। देहात में सब्जी मंडी में दूर-दूर तक कोई नहीं दिखाई दे रहा है। सरधना बाइपास पर एक भी वाहन नहीं दिखाई दे रहा है। जनता कर्फ्यू को लेकर हर तरफ सन्नाटा है। जनता कर्फ्यू समर्थन के लिए मस्जिदों से एलान किया जा रहा है। बुजुर्ग और बच्चे सभी घरों में रहे। उन्होंने अपील की है कि ईश्वर अल्लाह से दुआ करें इस संक्रमित बीमारी से बचाने के लिए

09:29 AM, 22-Mar-2020

बिजनौर में जनता पूरी तरह बंद को समर्थन कर रही है

बिजनौर में जनता कर्फ्यू के दौरान लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। जनता पूरी तरह बंद को समर्थन कर रही है। लेबर चौक पर जहां हर रोज सैकड़ों मजदूर रहते थे वहां आज कोई नहीं है। मुस्लिम, हिन्दू सभी मोहल्लों में जनता कर्फ्यू का पूरी तरह पालन कर रही है। यहां तक कि किसान जंगल खेतों से भी आज बहुत जल्दी आ गए हैं। शहर में पुलिसकर्मी गाड़ियों से गश्त कर रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति धोखे से बाहर निकल रहा है तो उसे घर जाने के लिए कहा जा रहा है।

09:25 AM, 22-Mar-2020
मेरठ में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़क से गुजरती एम्बुलेंस - फोटो : अमर उजाला

जनता कर्फ्यू के दौरान सड़क से गुजरती एम्बुलेंस

मेरठ में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़क से गुजरती एम्बुलेंस।

08:57 AM, 22-Mar-2020
अयोध्या में संकीर्तन भवन मंदिर में आरती - फोटो : अमर उजाला

अयोध्या में संकीर्तन भवन मंदिर में आरती

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिल रहा है। लोग घरों में कैद हैं। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसारा हुआ है। वहीं अयोध्या में सरयू तट पर भी सन्नाटा पसरा रहा। अयोध्या से गोंडा मार्ग पर ओवर ब्रिज पर ही बैरियर लगाकर लोगों को रोक दिया गया और अयोध्या की सीमा आने में प्रवेश करने वाले लोगों को पहचान पत्र देखकर ही प्रवेश दिया गया है। अयोध्या राम की पैड़ी पर स्थित श्री सीताराम संकीर्तन भवन मंदिर में आरती के समय संतों ने भगवान का पूजन किया।

08:48 AM, 22-Mar-2020
जनता कफ्यू को लेकर पेट्रोल पंप बंद। - फोटो : amar ujala

घरों में कैद हुए लोग

जनता कर्फ्यू को लेकर पूरा गोरखपुर मंडल तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर पूरा देश आज जनता कर्फ्यू में हिस्सा ले रहा है। कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र के जमसाडिया बाजार में सन्नटा पसरा है। कप्तानगंज में कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री के आज जनता कर्फ्यू के आह्वान के चलते हाईवे सुना पड़ा है। कुशीनगर में जनता कर्फ्यू को लेकर पूरे जिले में सन्नाटा पसरा है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, सड़क, बाजार में सन्नाटा है। 
जनता कर्फ्यू को लेकर पेट्रोल पंप बंद हैं। लोगों ने सुबह सात बजे से पहले ही खुद को घरों में कैद कर लिया है।
 

08:21 AM, 22-Mar-2020
मेरठ का बेगमपुल चौराहा - फोटो : अमर उजाला

मेरठ में सुबह 7 बजे से ही जनता कर्फ्यू का असर

मेरठ में सुबह 7 बजे से ही जनता कर्फ्यू का असर दिखाई दिया। सड़कों पर सन्नाटा छाया है। कैंट में रेलवे रोड सूना पड़ा है। सरधना रोड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। शामली की एमएसके रोड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। 

शामली का शिव चौक सूना पड़ा है। सुबह 6 से 7 बजे के बीच ही लोगों ने जरूरी काम निपटाया। देहात में सब्जी मंडी में दूर-दूर तक कोई नहीं दिखाई दे रहा है। सरधना बाइपास पर एक भी वाहन नहीं दिखाई दे रहा है। जनता कर्फ्यू को लेकर हर तरफ सन्नाटा है। 
 

08:08 AM, 22-Mar-2020
आगरा में खाली पड़ी सड़क और बंद पड़ी दुकानें - फोटो : अमर उजाला

आगरा में सुबह से ही सन्नाटा

ताज की नगरी आगरा में सुबह से ही सन्नाटा पसर गया है। सड़कें खाली हैं। पालीवाल पार्क, सेंट्रल पार्क, पटेल उद्यान में सन्नाटा पसरा है। योग करने वाले भी नहीं आए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर भी कोई नहीं आया है। दुकानें नहीं खुली हैं। चाय की दुकानें बंद हैं। देहली गेट पर सैकड़ों लोग सुबह चाय पीने आते हैं, आज एक भी नहीं आया। कोरोना से जंग में लोग कड़े फैसले भी ले रहे हैं। सिकंदरा के स्पेस टॉवर में न सब्जी वाला आया न दूधवाला। आज न कोई बाहर जाएगा न बाहर से अंदर आएगा। इसके पास महसशीपुरम के रमाकांत चतुर्वेदी ने बताया एहतियात जरूरी है और हम इसमें कोताही बरतना नहीं चाहते।

आगरा के कमल नगर के जनक पार्क और कन्हैया पार्क में सन्नाटा पसरा है। भगत सिंह पार्क भी सूना पड़ा हुआ है। टूंडला में हमेशा भीड़भाड़ वाले जंक्शन पर आज कोई भी नजर नहीं आया। मथुरा में जनता कर्फ्यू के बीच दूध की दुकान खुली दिखाई दी। 
 

07:58 AM, 22-Mar-2020
कानपुर में सूनी पड़ीं सड़कें - फोटो : amar ujala

कानपुर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, लोगों ने घरों में खुद को किया कैद

कानपुर सहित आसपास के 13 जिलों में रविवार को सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक भारत की जनता से कर्फ्यू लगाने की अपील की थी। 



जिसके बाद रविवार सुबह 7 बजे से लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए। कानपुर समेत 13 जिलों फतेहपुर, चित्रकूट, हरदोई, कन्नौज, इटावा, महोबा, जालौन, फर्रुखाबाद, उन्नाव, हमीरपुर, उरई, बांदा आदि जिलों में सड़कों पर पूरी तरीके से सन्नाटा पसरा नजर आया। 

भारत में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। देश में अब तक 271 लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए है। वहीं इस जानलेवा वायरस से चार लोगों की मौत हो चुकी है। देश में आज कोरोना के 35 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश के विभिन्न शहरों में लॉक डाउन किया जा रहा है। 

07:43 AM, 22-Mar-2020

Janata Curfew In UP Live Updates: यूपी में 16 जिले होंगे लॉकडाउन, सीएम योगी ने किया एलान

देशभर के साथ उत्तर प्रदेश में भी जनता कर्फ्यू लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का लोग समर्थन कर रहे हैं। सड़कें खाली पड़ी हुई हैं। यूपी के लगभग सभी शहरों में लोग अपने घरों के अंदर हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें