राजधानी में बन रहे देश के सबसे बड़े पार्क ‘जनेश्वर मिश्र’ का आज लोकार्पण कर दिया गया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गोमती नगर विस्तार में 376 एकड़
में बन रहे इस पार्क का लोकार्पण कर लखनऊ के लिए यह दिन यादगार बना दिया।
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने
दीप प्रज्जवलित किया। इस दौरान सपा के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर दस हजार लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था की गई। यहां बलिया जिले की खास पूड़िया और बाटी-चोखा के स्टाल हैं।
मिलेगा बलिया का ठेठ अंदाज
अभी पूरे पार्क को विकसित नहीं किया सका है। एलडीए के अधिकारियों की मानें तो इसके विकास का काम दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है।
समारोह के लिए पार्क के एक कोने में दो बड़े और भव्य पंडाल बनाए गए थे। इनमें से एक में भोजन का प्रबंध था और दूसरे पंडाल में मुख्यमंत्री ने पार्क का लोकार्पण किया।
इस दौरान लगभग 10 हजार लोगों के भोजन का इंतजाम बलिया के ठेठ अंदाज में किया जा रहा है। उनको यहां पुड़ा, बुंदिया और आलू के साथ लिट्टी-चोखा का स्वाद मिलेगा।
ये हैं खासियतें
अमेरिकी कंपनी कामपेन के बनाए चार आधुनिक झूले लगा दिए गए। रोप वे लगाने का काम कर लिया गया है।
वाटर वाडी में पांच पैडल वोट भी मनोरंजन के लिए लाई जा रही हैं।
करीब 150 फीट ऊंचा झूला ‘लंदन आई’ और आधुनिक फाउंटेन भी लगाया जाएगा। जो लोगों को एक किमी दूर से भी नजर आएगा।
सुबह की सैर के लिए आने वालों के लिए जॉगिंग ट्रैक और साइकिल ट्रैक भी बनाया जा रहा है।
पार्क व आसपास की सुरक्षा को लेकर एक पुलिस चौकी भी बना दी गई है।
अधिकारियों ने लिया जायजा
लोकार्पण समारोह के लिए सोमवार को पूरे दिन यहां तैयारियों का जोर रहा।
साफ-सफाई हुई और लाइटिंग का काम पूरा किया गया। जहां थोड़ा भी ऊबड़-खाबड़ था, उसको चौरस किया गया।
कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव, राजेंद्र चौधरी, नारद राय, सपा महासचिव एसआरएस यादव के अलावा मुख्य सचिव आलोक रंजन, आईजी नवनीत सिकेरा, प्रमुख सचिव आवास सदाकांत, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल, डीएम राजशेखर, एसएसपी प्रवीण कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया।
इन मार्गों पर होगा डायवर्जन
- पुराना अवध स्कूल चौराहा से रेलवे ओवरब्रिज होते हुए यातायात जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर नहीं आ सकेगा। यह यातायात दयाल पैराडाइज, विरामखंड चौकी चौराहा से रेलवे लाइन पार कर अपने गंतव्य को जाएगा।
- गोमती विस्तार सेक्टर एक चौराहा से सामान्य यातायात पार्क की ओर नहीं आएगा। यह ट्रैफिक विरामखंड चौकी चौराहा, दयाल पैराडाइज होकर अपने गंतव्य को जाएगा।
- दयाल पैराडाइज चौराहे से सामान्य यातायात जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर नहीं जा सकेगा। यह सीएमएस विरामखंड चौकी तिराहा से अपने गंतव्य को जाएगा।