लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की सुबह, लखनऊ के गांवों से लेकर सरकारी भवनों तक तिरंगा शान से लहराएगा। सरकारी कार्यालय ही नहीं, बल्कि अमृत सरोवर के शांत जल पर भी तिरंगे का प्रतिबिंब देशभक्ति की लहर जगाएगा। जिले के 3.50 लाख से अधिक ग्रामीण अपने घरों की छतों पर ध्वजारोहण करेंगे और हर घर तिरंगा वेबसाइट पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करेंगे। विकास और पंचायत विभाग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला विकास अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि 491 ग्राम पंचायतों में सभी शैक्षिक संस्थान, सरकारी कार्यालय, पंचायत भवन और अमृत सरोवरों पर एक साथ ध्वजारोहण होगा। पिछले साल यह आंकड़ा 2.50 लाख था, इस बार 1 लाख से ज्यादा ग्रामीण जुड़ रहे हैं। ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और कोटेदार गांव-गांव जाकर लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।