इटावा लायन सफारी से इसी माह खुशखबरी आ सकती है। दो गर्भवती शेरनियों में से एक का प्रसव जुलाई के दूसरे पखवाड़े में होने की उम्मीद है। पहले प्रसव में कहीं कोई चूक न हो इसलिए गुजरात से विशेषज्ञों को बुलाया जा रहा है।
वन महकमे के अफसरों ने गुजरात के शकरबाग जू से ऐसे विशेषज्ञों की डिमांड की है जिन्हें प्रसव कराने का अनुभव हो। मंगलवार को इस मामले पर अधिकारियों की ‘टॉप लेवल’ पर बात भी हुई है।
प्रसव में बचे अब लगभग तीन हफ्तों के समय को देखते हुए प्रोजेक्ट से जुड़ा पूरा अमला हाई अलर्ट पर है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के सबसे बड़े ड्रीम प्रोजेक्ट इटावा लॉयन सफारी में गर्भवती चल रही दो मादा एशियाई बब्बर शेरनियों के प्रसव का समय नजदीक आता जा रहा है।
एक शेरनी का प्रसव जुलाई के दूसरे पखवाड़े में होने की उम्मीद है। प्रेगनेंसी के बाद से ही दोनों शेरनियों को गहन निगरानी में रखा गया है। सीसीटीवी से चौबीसों घंटे उनपर नजर रखने के साथ ही उनके हर मूवमेंट का अध्ययन किया जा रहा है।