प्रदेश तकनीकी शिक्षा का हब बनने की दिशा में बढ़ रहा है।
राजधानी के चक गंजरिया फार्म में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ट्रिपल आईटी) खोलने का रास्ता साफ हो चुका है तो कन्नौज, मैनपुरी, बदायूं और सोनभद्र जिलों में एक-एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे।
इन कॉलेजों में शिक्षण सत्र 2015-16 से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। माया राज में मंजूरी मिले चार सरकारी कॉलेजों बिजनौर, बांदा, अंबेडकरनगर और आजमगढ़ में बने कॉलेज परिसर में पढ़ाई अगले सत्र से शुरू हो जाएगी।
प्रदेश सरकार की मंशा है किहर मंडल मुख्यालय पर एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ पुराने जिलों में दो सरकारी पॉलीटेक्निक तो नए में एक-एक पॉलीटेक्निक खोल दिए जाएं, ताकि छात्रों को तकनीकी शिक्षा में बेहतर संसाधन मिल सकें।
राजधानी में बनने वाले आईटी सिटी में ट्रिपल आईटी के लिए मेमोरंडम ऑफ एग्रीमेंट के प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। केंद्रीय टीम आईटी सिटी का दौरा कर चुकी है।
ट्रिपल आईटी के निर्माण के लिए केंद्र और राज्य के बीच जल्द ही करार होने की उम्मीद है। इसके बाद कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को बिल्डिंग बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
माया राज में मंजूरी मिले चार सरकार इंजीनियरिंग कॉलेजों आजमगढ़ व अंबेडकरनगर में मान्यवर कांशीराम इंजीनियरिंग कॉलेज ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी तथा बिजनौर व जालौन में भीमराव अंबेडकर इंजीनियरिंग कॉलेज ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी परिसर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
इनके परिसरों में पढ़ाई अगले सत्र से शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा प्राविधिक शिक्षा विभाग कन्नौज, मैनपुरी, बदायूं और सोनभद्र में एक-एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज खोलेगा।
इस संबंध में निर्णय हो चुका है। इन जिलों में कॉलेजों का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा, ताकि वर्ष 2015-16 से यहां भी पढ़ाई शुरू हो जाए।