आईटी कॉलेजः स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 2 व 3 जुलाई को
लखनऊ। इसाबेला थोबर्न (आईटी) कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथियां तय कर दी हैं। इस संबंध में कॉलेज की वेबसाइट पर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक बीकॉम, बीएससी, बीएचएससी और बीए पाठ्यक्रम की दो और तीन जुलाई को प्रवेश परीक्षा होगी।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. राजेश्वरी मिश्रा के मुताबिक दो जुलाई को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक बीकॉम और दोपहर 1:30 से 4:30 बजे तक बीएससी व बीएचएससी पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह तीन जुलाई को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक बीए के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। कॉलेज में बृहस्पतिवार से परास्नातक पाठ्यक्रमों के फॉर्म भी जमा होने शुरू हो गए हैं। प्राचार्या के मुताबिक, प्रशासनिक खंड के कमरा संख्या दो में फॉर्म जमा हो रहे हैं। पीजी फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून है।
केकेसी में बीसीए समेत कई नए कोर्स में मौका
श्री जय नारायण मिश्र पीजी कॉलेज (केकेसी) में शैक्षिक सत्र 2025-26 प्रवेश प्रक्रिया के मद्देनजर यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन जारी हैं। अब कॉलेज प्रशासन ने संबद्धता प्राप्त नए पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन प्रारंभ कर दिए हैं। प्राचार्य प्रो. विनोद चंद्र के अनुसार, इस सत्र से यूजी स्तर पर बीए में दो नए विषय मनोविज्ञान और भूगोल पढ़ाया जाएगा। इसी तरह बीसीए एनईपी में 60 सीटों और एमएससी भौतिक विज्ञान और गणित की 30-30 सीटों के लिए भी आवेदन मांगे जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।