प्रदेश सरकार आईटी सेक्टर में प्रदेश की उपलब्धियों और आईटी सिटी व आईटी पार्क जैसी योजनाओं के जरिये यूपी को उभरते आईटी हब के रूप में पेश करने की तैयारी में जुट गई है।
इसके लिए 29 और 30 नवंबर को देश भर के आईटी प्रोफेशनल, अधिकारियों और नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों का बड़ा जमावड़ा हो रहा है।
इसके बाद सूबे का आईटी विभाग बंगलूरू में रोड शो कर ‘ई-यूपी’ की ब्रांडिंग का काम करेगा।
प्रदेश सरकार एक अगस्त 2012 से लोगों को कॉमन सर्विस सेंटर के जरिये तय समय में ऑनलाइन सर्टिफिकेट उपलब्ध करा रही है।
अब तक 1.44 करोड़ लोगों को इस सिस्टम से सर्टिफिकेट दिया जा चुका है। चकगंजरिया में आईटी सिटी को बसाने की ओर ठोस कदम बढ़ चुका है।
इसके लिए जमीन फाइनल हो चुकी है। प्रदेश की इस पहली आईटी सिटी से सूबे के युवाओं को काफी उम्मीदें हैं।
लखनऊ के बाद सूबे की दूसरी आईटी सिटी आगरा में बसाने की तैयारी है। इसके अलावा मेरठ और वाराणसी में आईटी पार्क की स्थापना को लेकर शासन स्तर पर विचार-विमर्श शुरू हो गया है।
अब तक का सबसे बड़ा आईटी शो
प्रदेश सरकार सूबे में आईटी क्षेत्र में तेजी से किए जा रहे काम के जरिये राज्य को आईटी क्षेत्र में एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खुद इसकी अगुवाई कर रहे हैं। 29 और 30 नवंबर को होटल ताज में एक बड़ा आयोजन होगा।
इसमें सचिव आईटी भारत सरकार के अलावा महाराष्ट्र, असम, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के आईटी सचिव, एनआईसी के अधिकारी, हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर का निर्माण करने वाली कई नामी कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रदेश सरकार आईटी क्षेत्र की अपनी उपलब्धियां यहां पेश करेगी। इसे प्रदेश सरकार का अब तक सबसे बड़ा आईटी शो कहा जा रहा है।
कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक होंगे सम्मानित
राजधानी में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सबसे ज्यादा प्रमाणपत्र देने वाले कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक को सम्मानित करेंगे।
प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान वाले संचालक सम्मानित होंगे। इन जिलों के डीएम भी सम्मानित किए जाएंगे।
6 दिसंबर को बंगलूरू में रोड शो
छह दिसंबर को बंगलूरू में एक रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। आईटी विभाग के अधिकारी वहां जाकर सूबे की आईटी तकनीक में हासिल उपलब्धियों व योजनाओं को बताएंगे।
अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे आईटी सिटी व अन्य परियोजनाओं की ओर आईटी कंपनियों का आकर्षण बढ़ेगा और निवेश के रास्ते खुलेंगे।
लखनऊ और यूपी की तमाम बड़ी खबरें मिलेंगी यहां