हाथरस में दलित युवती की हत्या के मामले में निलंबित किए गए पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर को शासन ने बृहस्पतिवार को बहाल कर दिया है। विक्रांत वीर को सितंबर माह के शुरुआत में निलंबित किया गया था। वह वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें उन्नाव से हाथरस भेजा गया था, लेकिन हाथरस की घटना के बाद एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
गौरतलब है कि हाथरस कांड में योगी सरकार ने वहां के पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, इंसपेक्टर व दो अन्य पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह आदेश एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद दिए थे।
मुख्यमंत्री ने इस मामले में पीड़ित परिवार, आरोपी पक्ष व संबंधित पुलिस कर्मियों का पालीग्राफ व नार्को टेस्ट भी कराने का भी आदेश दिए थे। निलंबित किए जाने वालों में जिले के कप्तान विक्रांत वीर, क्षेत्राधिकारी रामशब्द, इन्सपेक्टर दिनेश कुमार वर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक जगवीर सिंह व हेड मोहर्रिर महेश पाल शामिल हैं।