लखनऊ के इकाना में होने वाला आईपीएल मैच रद्द हो गया। इसके बाद टीमें वापस लौट गईं। यूपीसीए के सीईओ ने कहा कि जितने भी टिकट बिके उन सभी के पैसे वापस होंगे। जल्द इसके लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी।
आईपीएल मुकाबला देखने के लिए लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुक्रवार को सुबह से प्रशंसकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। जब दोपहर में उन्हें मुकाबला स्थगित करने की जानकारी मिली, तो सभी टिकट के रिफंड को लेकर असमंजस की स्थिति में रहे।
विज्ञापन
इस पूरे मामले पर जब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि टिकट धारकों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें टिकट वापसी के बदले पूरा पैसा दिया जाएगा। अगले एक-दो दिन में बैठक के बाद टिकट धारकों को बता दिया जाएगा कि उन्हें कैसे पैसे वापस किए जाएंगे। पूर्व में भी मुकाबलों के रद्द होने पर पैसा वापस किया गया है और इस बार भी उन्हें निराश नहीं किया जाएगा।
इकाना स्टेडियम में शुक्रवार को लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल मुकाबला स्थगित होने के बाद खिलाड़ियों से अपने घरों का रुख कर लिया है। एक ओर जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी चार्टर्ड प्लेन से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन
वहीं दूसरी ओर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाड़ियों ने भी अपने घरों का रुख कर लिया है। आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार आईपीएल के फिर से शेड्यूल जारी होने के बाद खिलाड़ियों को बुलाने पर फैसला लिया जाएगा।