आखिरकार वहीं हुआ, जिसका अंदेशा था। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) ने लखनऊ सुपरजायंट्स की कप्तानी छोड़ दी है। इस संबंध में उन्होंने लखनऊ सुपरजायंट्स प्रबंधन को अनुरोध किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। पांच साल के आईपीएल इतिहास में लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम पहली बार अंक तालिका में आखिरी पायदान पर रही। ऐसे में पंत का कप्तानी से हटना तय माना जा रहा था, जिसपर आज मुहर लग गई। एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने अपने बयान में कहा कि ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से इस संबंध में संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। ऐसे निर्णय लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। बताते चलें कि इकाना स्टेडियम में बीती 23 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद पत्रकारों से बातचीत में टॉम मूडी ने पंत से कप्तानी वापस लिए जाने के संकेत दे दिए थे।