बारिश के बीच गरजा शतकवीर मार्श का बल्ला
शतकवीर मिचेल मार्श की अगुवाई में लखनऊ सुपरजायंट्स के बल्लेबाज आईपीएल में पहली बार लय में दिखे। घरेलू मैदान में टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के सामने जीत के लिए 19 ओवरों में 213 (डकवर्थ लुइस नियम के तहत) रन की चुनौती दी। मुकाबले में निकोलस पूरन ने 23 गेंदों पर 38 और कप्तान ऋषभ पंत ने महज 10 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाकर लखनऊ के आंकड़े को सीजन में तीसरी बार 200 रनों के पार पहुंचाया।
इससे पहले बंगलूरू के कप्तान रजत पाटीदार ने टाॅस जीतकर लखनऊ को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। टीम प्रबंधन ने आज मिचेल मार्श के साथ नए जोड़ीदार के रूप में अर्शिन कुलकर्णी को भेजा, जो उनका इस आईपीएल में पहला मुकाबला रहा। मिचेल मार्श ने बंगलूरू के गेंदबाजों की खबर लेते हुए महज 20 गेंदों पर तीन चौके और छह छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
टीम को 95 रन पर पहला झटका लगा, जब अर्शिन कुलकर्णी 17 रन बनाकर क्रुणाल पंड्या की गेंद पर रजत पाटीदार को कैच दे बैठे। इस बीच मार्श ने कवर्स में चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 50 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और आठ छक्के जमाए। शानदार दिख रहे मार्श 111 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर बैथल को कैच दे बैठे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान पंत ने पूरन के साथ तेजी से रन बटोरे और टीम के आंकड़े को 200 रन के पार पहुंचाया।
200 आईपीएल मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बने भुवनेश्वर
मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के नाम नई उपलब्धि जुड़ गई। वे आईपीएल में सर्वाधिक 200 मैच खेलने पहले तेज गेंदबाज बने। इसमें उन्होंने 215 विकेट हासिल किए।
पहले स्थान पर युजवेंद्र चहल ने 186 मैच में 229 विकेट हासिल किए। इसके अलावा भुवनेश्वर यूपी की ओर से आईपीएल मेंं 200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनके अलावा सुरेश रैना ने यूपी की ओर से आईपीएल में सर्वाधिक 205 मैच खेले है।
एक घंटे और 25 मिनट का खेल हुआ बाधित
बारिश के चलते मुकाबला तीन बार प्रभावित हो चुका है। पहली बार पारी के दूसरे ओवर में दस मिनट का व्यवधान हुआ, जबकि दूसरी बार पारी के नौवे ओवर में 38 मिनट तक खेल रुका रहा। पारी के 14 ओवर के बाद एक बार फिर बारिश शुरू हो गई।
मैच के वापस शुरू होने में 37 मिनट और लगे। मुकाबले में कुल एक घंटे और 25 मिनट का खेल बारिश के चलते प्रभावित हुआ। लखनऊ की पारी में हुई बारिश के चलते एक ओवर घटा दिया गया।