लखनऊ। हाथ, पैर या शरीर के अन्य अंगों में रक्त पहुंचाने वाली धमनियों में रुकावट आने से गंभीर घाव, संक्रमण की वजह से कई बार अंग काटने की नौबत आ सकती है। इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की मदद से धमनियों की रुकावट दूर की जा सकती है। संजय गांधी पीजीआई में हुई सीएमई में विशेषज्ञों ने ये जानकारी दी।
ग्लोबल इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी डे के अवसर पर आयोजित सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट प्रो. विवेक सिंह ने बताया कि डायबिटीज, रक्त जमने की समस्या में यह परेशानी देखी जाती है। इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की इमेज-गाइडेड और न्यूनतम इनवेसिव तकनीकों से जटिल और जानलेवा रोगों का उपचार सुरक्षित और प्रभावी है। यह उन्नत चिकित्सा सुविधा संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लोहिया संस्थान और केजीएमयू जैसी प्रमुख चिकित्सा संस्थाओं के रेडियोलॉजी विभागों में उपलब्ध है।
ये आधुनिक उपचार कम जोखिम, कम दर्द, कम अस्पताल प्रवास और तेज रिकवरी के साथ मिलता है। इस मौके पर एसजीपीजीआई से प्रो. अर्चना गुप्ता, प्रो. विवेक सिंह, प्रो. अनिल, प्रो. सूर्यकांत, प्रो. सत्यव्रत और डॉ. अनुराधा, केजीएमयू से प्रो. अनित परिहार, प्रो. मनोज, प्रो. सौरभ, प्रो. सिद्धार्थ एवं प्रो. नितिन, लोहिया संस्थान से प्रो. तुषांत और कमांड अस्पताल से प्रो. कविता मौजूद रहे।