राजधानी लखनऊ में विकासनगर के टेढ़ी पुलिया निवासी इंटर की छात्रा रबदा (19) ने रविवार को एसिड पीकर जान दे दी। आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। इसके अलावा काकोरी के शाहपुर गांव निवासी शनि यादव (20) ने परिजनों से नाराज होकर बाग में रविवार दोपहर फंदा लगा लिया।
मूलरूप से बरेली के कनमन बहेड़ी पुरैनाताल निवासी रबदा परिवार संग लखनऊ में रहती थीं। उनके पिता बढ़ई जालिम अहमद पत्नी व बेटे संग तीन फरवरी को शादी में शामिल होने बरेली गए थे। घर पर रबदा व उनकी बड़ी बहन रबाना थीं। रबाना सुबह ड्यूटी पर चली गईं।
सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले वालों ने उनको फोन कर बताया कि रबदा ने एसिड पी लिया है। उसे लेकर ट्रॉमा सेंटर जा रहे हैं। खबर पाकर रबाना अस्पताल पहुंची। इलाज के दौरान शाम को रबदा की मौत हो गई। परिजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बरेली चले गए।
काकोरी में युवक ने लगाया फंदा
काकोरी के शाहपुर निवासी शनि का रविवार दोपहर किसी बात पर घरवालों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकले और बाग में रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया। ग्रामीणों ने जब उनको फंदे से लटका देखा तो खबर परिजनों व पुलिस को दी।
मृतक के भाई वीरेंद्र यादव ने बताया कि बहन की सात मार्च को शादी है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार में पिता हरिकेश यादव, माता राजेश्वरी व दो बहनें है।