लखनऊ के विभूति खंड थाने में तैनात रही एक महिला होमगार्ड की हत्या का खुलासा हो गया है। हत्या के आरोप में सिपाही प्रदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक ये हत्या प्रेम संबंध में की गई थी। आरोपी मुरादाबाद पुलिसलाइन में तैनात था। पुलिस ने उसे हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक प्रदीप पहले लखनऊ के गोमतीनगर थाने में तैनात था। उसने महिला होमगार्ड अर्चना से पीछा छुड़ाने के लिए मुरादाबाद ट्रांसफर करा लिया था। होमगार्ड अर्चना की स्कूटी पुलिस ने लखनऊ के चारबाग स्टेशन से बरामद करके उसके भाई के सुपुर्द कर दी है।
बीते दिनों गढ़मुक्तेश्ववर के सिंभावली इलाके में अर्चना रावत (30) की नृशंस हत्या करके शव कुएं में फेंक दिया गया था। वह लुधियाना में दबिश की बात कहकर घर से निकली थी।
महिला होमगार्ड घर से निकलने से दो दिन पहले लखनऊ के बहुचर्चित नमन वर्मा हत्याकांड में तहकीकात करने पुलिस टीम के साथ सिंभावली रवाना की गई थी।
सिंभावली क्षेत्र के गांव नयाबांस में किसान इरफान ने गन्ने के खेत के बीच स्थित कुएं में शनिवार को महिला का शव उतराते देखा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकलवाया। कुएं के पास मिली जैकेट से आईडीबीआई बैंक का एटीएम कार्ड व लखनऊ से मुरादाबाद 16 दिसंबर की यात्रा का रेल टिकट व एक हजार रुपये मिले थे।