लखनऊ। सआदतगंज के कश्मीरी मोहल्ला निवासी शाहरुख के दो माह आठ दिन के बच्चे शहबाज की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। बच्चे की मां सिमरन ने पति पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
शाहरुख की नक्खास में चूड़ी की दुकान है। उसकी पत्नी सिमरन पिछले 15 दिन से बेटे के साथ रईस नगर स्थित मायके में रह रही थीं। बुधवार शाम चार बजे शाहरुख ससुराल से बेटे को साथ ले आया और रात में अपने पास ही सुला लिया। सुबह बच्चे के शरीर में कोई हरकत नहीं दिखी तो वह घबरा गया और उसे लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। आशंका है कि ठंड लगने से बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। दोनों पक्ष सुलह की बात कर रहे हैं।