लखनऊ। बीबीएयू में बेहतर इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना होगी। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वर्चुअल रियलिटी जैसे कोर्स शुरू होंगे।
विवि के स्थापना दिवस पर कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए मनोविज्ञान केंद्र भी बनाया जाएगा। यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय की ओर से पांच गांवों को गोद लिया गया है, जहां सामाजिक व आर्थिक विकास कराया जा रहा है। कानपुर में तीन गांवों की बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया गया है।
प्रो. मित्तल ने बताया कि विवि ने एनआईआरएफ रैंकिंग में 33वां स्थान हासिल किया है। मौके पर अर्थशास्त्री प्रो. नरेंद्र जाधव ने बाबा साहब की संविधान निर्माण प्रक्रिया में योगदान विषय पर चर्चा की। राज्यसभा सदस्य मिथलेश कुमार ने कहा, ऐसे कार्यक्रम से युवाओं को जानकारी मिलती है। लोकसभा सदस्य डॉ. भोला सिंह ने कहा कि शिक्षा शेरनी के समान है। जो इसका जितना दूध पिएगा, वो दहाड़ेगा।
पूर्व छात्रों को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने विवि के पूर्व छात्रों व सफल उद्यमियों को सम्मानित किया। साथ ही गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय की ओर से बाबा साहब के जीवन व विश्वविद्यालय से जुड़े पहलुओं पर आधारित फोटो गैलरी व पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
क्षमता के अनुसार करें काम : असीम
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा, सभी को क्षमता के अनुरूप काम करना चाहिए। कमजोर लोगों की सहायता करें। बताया कि हर गांव में गरीबी रेखा से नीचे के 15-25 परिवारों के लिए आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था व आय के नियमित साधन पर ध्यान दिया गया है।