श्रावस्ती। तराई में पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो रहा हैं। वहीं अस्पतालों में उल्टी-दस्त व बुखार सहित अन्य संक्रामक रोग के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में 15 नए मरीज भर्ती कराए गए, जिनका इलाज चल रहा है।
जिले में निकलने वाली चटकीली धूप व उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इससे संक्रामक रोग का प्रकोप भी बढ़ा है। इसकी चपेट में आने से अब तक दो बालक, दो वृद्ध व एक महिला की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही दिन प्रतिदिन उल्टी-दस्त व बुखार सहित अन्य बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में 15 नए मरीज भर्ती हुए।
इनमें कोयलनपुरवा की लक्ष्मी (14) व उर्मिला (6), पांडेयपुरवा के रामजीत पांडेय (30), बिनुहनी के जगदीश प्रसाद, भुतना की खैरूल निशा (30), लक्ष्मनपुर की सीमा (18), मदरहवा की राजिया (8), सेमरहनिया की किरन (15), सुखरामपुरवा के ओंकार (10), कुरशहा की रामरानी (90), झब्बापुरवा की अन्नू देवी (30) उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। वहीं सिरसिया के बनकटवा कला की तरन्नुम निशा (13) व सुहेल (6), गहिला मनोहरापुर की चंद्रावती (35), भिनगा की आमिना (65), चिल्हरिया के विरेंद्र (25) वायरल फीवर से पीड़ित होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
वार्ड में नहीं चल रहा एसी, मरीज बेचैन
संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा के इमरजेंसी वार्ड में भले ही पंखा चल रहा है, लेकिन उमस व गर्मी इस कदर है कि लोग राहत के लिए वार्ड के बाहर बरामदे के फर्श पर लेटे नजर आए। उल्टी-दस्त से पीड़ित लक्ष्मी का कहना है कि वार्ड में गर्मी अधिक है। मरीज रामजीत का कहना है कि एक वार्ड में एसी तो लगा है लेकिन वह चल नहीं रहा है। जिससे लोगों को और समस्या हो रही है।
एक वार्ड में एसी लगा है, लेकिन वह इस समय खराब है। शीघ्र ही उसे ठीक कराया जाएगा। जो पंखे खराब थे उन्हें ठीक कराया गया है।
-डाॅ. रामगोपाल, संयुक्त जिला अस्पताल सीएमएस