पूर्व मंत्री एवं सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापों की कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रही। इस दौरान रामपुर के आजम खां के आवास से सोने-चांदी के तमाम जेवरात मिलने के बाद लखनऊ से एक सुनार को मूल्यांकन के लिए भेजा गया है। हालांकि आयकर विभाग ने छापों में हुई बरामदगी के बारे में जानकारी साझा नहीं की है। सूत्रों की मानें तो आजम के करीबियों के ठिकानों से मिले दस्तावेजों से जौहर ट्रस्ट को सपा सरकार के दौरान मिले करोड़ों रुपये के दान के फर्जीवाड़े की पोल खुल रही है।