आयकर कमिश्नर के मुताबिक अमौसी औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी के दौरान कमला पसंद, राजश्री, सिल्वर लाइन तम्बाकू व डबल ब्लैक के भारी संख्या में स्टॉक , रैपर व पैकेजिंग मैटीरियल और कच्चा माल बरामद हुआ। इनकी कीमत करीब पचास करोड़ रुपये है। कंपनी में अनुराग बाजपेयी, नंदकिशोर व अन्य दूसरों को डायरेक्टर बताया जा रहा था। पर इन सबने बताया कि वे सिर्फ कंपनी के मुलाजिम हैं। खाते से जुड़े दस्तावेज दिखाने और लेन-देन के बारे में कोई जानकारी देने आगे नहीं आया। परिसर में मिले 30 लाख रुपये नकद व दस्तावेज को जब्त कर लिए गए हैं। जीएसटी की प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों ने भी जांच-पड़ताल की है।
आयकर टीम ने सप्रू मार्ग पर शेयर ट्रेडिंग कंपनी पर भी छापा मारा था। आयकर कमिश्नर ने बताया कि सप्रू मार्ग स्थित फेयर इंवेस्टमेंट के संदीप मित्तल, मनीष मित्तल व अन्य से भी पूछताछ की गई। जहां टैक्स चोरी के लिए ‘मुखौटा’ कंपनियों व कम कीमत वाले शेयरों में पैसा लगाया। जांच में आगे यह भी पाया गया कि ये मुखौटा कंपनी छप्पन भोग के रवींद्र कुमार गुप्ता, उनके परिवारीजनों की थी। इनसे पूछताछ की गई है। इनका शेयर ब्रोकिंग लाइसेंस निरस्त हो सकता है।
कारोबारी मदन गुप्ता के ठिकाने पर भी छापेमारी भी हुई। नोटबंदी के दौरान 25 करोड़ रुपये से अधिक जमा किए जाने को लेकर मदन गुप्ता से पूछताछ की गई तो वे कोई जानकारी नहीं दे पाए। उनके पास संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, वे बेनामी हो सकती हैं।
आज खोले जाएंगे लॉकर
आयकर अधिकारियों ने सोमवार को चारों कारोबारियों केबैंक लॉकरों को खंगाला जाएगा। साथ ही 59 डीड्स का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद टैक्सी चोरी की रकम डेढ़ सौ करोड़ तक बढ़ सकती है।