लखनऊ। आयकर विभाग में संविदा पर तैनात सफाईकर्मी कमल कुमार (39) ने बुधवार को घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी सोनिका ने बैंक कर्मियों पर पति को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
कमल कुमार हजरतगंज स्थित बंसल वाली गली गोखले मार्ग पर रहते थे। उनके साले शरद चंद ने बताया कि बहनोई ने तीन साल पहले निजी बैंक से पांच लाख रुपये का हाउसिंग लोन लिया था। घरेलू समस्याओं के कारण वह ईएमआई नहीं चुका पा रहे थे। इसलिए बैंककर्मी उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। बुधवार शाम बैंक कर्मियों ने फोन पर धमकी दी और घर से सामान उठाने की बात कही। बृहस्पतिवार सुबह सोनिका बच्चों को स्कूल से लेकर लौटीं तो पति का शव पंखे से लटका मिला। मोहल्ले वालों की मदद से उन्हें बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि अभी परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।