लहरपुर (सीतापुर)। कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति मरसंडा में बने गोदाम का लोकार्पण किया। गोदाम में सौ मीट्रिक टन खाद रखने की क्षमता है। इससे क्षेत्र के करीब 1500 से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही खाद सुलभ होगी। कई किसानों ने पहले दिन खाद खरीदी।
राज्यमंत्री सुरेश राही ने किसानों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नैनो यूरिया व डीएपी का वितरण भी किसानों को किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ करना चाहती है। इसके लिए तमाम योजनाएं प्रस्तावित हैं और शीघ्र ही इन्हें अमल में लाकर सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाया जाएगा।
समिति के सचिव राधेश्याम यादव को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। अपर जिला सहकारी अधिकारी सिद्धार्थ आर्य ने बताया कि आईसीडीपी योजना से किसानों की सुविधा के लिए 100 मीट्रिक टन भंडारण क्षमता का गोदाम बनवाया गया है। उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों को 10 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा, जिससे वह समिति आर्थिक स्थिति सुधारकर किसानों को लाभ पहुंचाए। उन्होंने कारागार राज्य मंत्री को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीडीओ बेहटा रजनीश शुक्ला, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन गिरी, सचिव प्रमोद सिंह, समिति के अध्यक्ष मयंक शंकर पांडे आदि मौजूद रहे।