लखनऊ। कारोबारी की पत्नी ने अपने भाई पर व्यापार के नाम पर 50 लाख के सोने की बिस्कुट हड़पने का मुकदमा सोमवार को चौक थाने में दर्ज कराया है।
कोलकाता में वर्धमान की रहने वाली जीनत आरा बेटी के साथ चौक के हिना बाजार में रहती हैं। उनके पति सोने के जेवर बनाकर बाजार में बेचते थे। उनके भाई चौक निवासी अब्दुल सलीम की माली हालत ठीक नहीं होने पर पति ने अपने साथ कारोबार में लगा लिया था। चार साल पहले पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अब्दुल ने उनके पति के 50 लाख के सोने के बिस्कुट अपने कारोबार में लगाने की बात कही थी।
आरोप है कि सोने के बिस्कुट लेने के बाद कुछ दिन तक तो भाई ने मुनाफा व घर खर्च का पैसा दिया, पर बाद में बंद कर दिया। एक साल पहले बेटी की तबीयत खराब होने पर उन्होंने रुपये मांगे तो आरोपी ने उनसे हाथापाई की। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक मामले की तफ्तीश चल रही है।