सरोजनीनगर। तेज रफ्तार कार ने सरोजनीनगर में सड़क किनारे खड़े लोडर डाला में ठोकर मार दी जिससे दरवाजे के सामने खेल रही एक छह वर्षीय बच्ची की डाला और कार के बीच दबकर मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिवारीजन व ग्रामीणों से सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया। मृतका के परिवारीजन ने कार चालक पर हत्या का आरोप लगाया है।
सरोजनीनगर के बिजनौर स्थित चौधरी मोहल्ला निवासी राजगीर मिथुन की बेटी मुस्कान उर्फ बिटोल बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रही थी। तभी वहां से तेज रफ्तार में कार लेकर गुजर रहे मोहल्ले के ही इरफान की कार अनियंत्रित हो गई और पास खड़े लोडर से टकरा गई। इस घटना से मुस्कान कार और डाले के बीच दबकर बुरी तरह घायल हो गई। जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, मुस्कान की मौत हो गई।
परिवारीजन ने कार चालक के ऊपर पुरानी रंजिश को लेकर बेटी को मारने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ मिलकर बिजनौर-लखनऊ रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सरोजनीनगर पुलिस ने किसी तरह प्रदर्शन खत्म कराया। परिवारीजन ने कार चालक इरफान पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस ने कार चालक इरफान को हिरासत में ले लिया है।