मलिहाबाद क्षेत्र में लखनऊ की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रात में कोहरे के चलते ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने डीसीएम का गेट काटकर गंभीर रूप से घायल चालक को निकालकर उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा।
रहिमाबाद चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रजापति ने बताया, मृत ट्रैक्टर चालक का नाम मोनू सिंह (32) है जो कुतवापुर थाना कासिमपुर जनपद हरदोई का है। वह अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से भूसा लाकर लखनऊ में बेचता था। बुधवार सुबह भी वह भूसा लेकर लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में गया था जहां से वह देर रात वापस घर जा रहा था। रात करीब 2:30 बजे तरौना पुल से पहले भारत पेट्रोलियम के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक चालक बरेली निवासी प्रेम पाल सिंह फंस गया जिसे ट्रक काटकर निकालकर ट्रॉमा भेजा गया। मृत ट्रैक्टर चालक के परिवार में उसकी पत्नी मोनिका सिंह, बेटा अंकुर सिंह (8) अतुल सिंह (4) और एक वर्ष की बेटी काजल है।