आईआईटी कानपुर के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले चार स्टूडेंट स्टार्ट-अप से जुड़ गए हैं। इन सबने पढ़ाई और प्रोजेक्ट बनाने की आसान मशीन बनाई है। इस मशीन को देश, विदेश के लोगों ने हाथोंहाथ लिया है। पहले ही तीन दिनों (12-15 जुलाई) में स्टूडेंटों को करीब तीन लाख रुपये का आर्डर मिल चुका है।
इससे स्टूडेंट्स उत्साहित हैं। स्टूडेंट पहले पैसा जमा कराते हैं, फिर मशीन बनाकर देते हैं। इसकी कीमत छह हजार रुपये है। इस उपलब्धि के लिए निदेशक प्रो. इंद्रनील मन्ना ने स्टूडेंट्स को सम्मानित किया।
कानपुर कैंट के अभिषेक शर्मा आईआईटी कानपुर से बीटेक-एमटेक डुअल डिग्री प्रोग्राम के मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उनका इरादा जॉब के पीछे भागने का नहीं था, इसलिए आईआईटी का सत्र 2015-16 का कैंपस सेलेक्शन छोड़ दिया। डुअल डिग्री प्रोग्राम के ध्रुपल आर शाह, बीटेक थर्ड ईयर मेकेनिकल इंजीनियरिंग के पंकज वर्मा और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के अक्षत अग्रवाल ने भी जॉब छोड़ने का फैसला किया।