वीमेन पावर लाइन 1090 के आईजी नवनीत सिकेरा ने लापरवाही पर सिपाही राजीव वर्मा को सस्पेंड और संविदा पर काम करने वाली कॉल टेकर पूनम गुप्ता को बर्खास्त कर दिया। आगरा की युवती की शिकायत पर कार्रवाई की गई। आईजी ने बताया कि वीमेन पावर लाइन 1090 और खुद उन्होंने पीड़िता को फोन कर माफी मांगी।
25 जनवरी की रात युवती से शोहदों ने छेड़छाड़ की थी। अगले दिन उसने वीमेन पावर लाइन 1090 में शिकायत दर्ज कराई, जिसे कॉल टेकर पूनम गुप्ता ने अटेंड किया था। शिकायत लॉक करने के बाद मामला डिस्पैच सेक्शन भेज दिया गया। वहां से प्रकरण की जानकारी स्थानीय पुलिस को देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।
डिस्पैच सेक्शन में तैनात सिपाही राजीव वर्मा को शिकायत में कमियां लगीं। उसने युवती के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। तीन-चार बार कोशिश के बाद भी पीड़िता का फोन न लगने पर उसने शिकायत को होल्ड कर लिया।आईजी का कहना है कि कॉल टेकर को शिकायत के बारे में अधिकारियों को बताना चाहिए था और सिपाही को पीड़िता का नंबर स्थानीय पुलिस को देकर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने थे।
दोनों ही अपना काम जिम्मेदारी से नहीं निभा सके, इसलिए कार्रवाई की गई। आईजी ने बताया कि पहली बार स्टाफ की लापरवाही से पीड़िता को समय रहते मदद नहीं मिल सकी। तीन दिन तक मदद न मिलने पर पीड़िता ने 28 जनवरी की रात फेसबुक पर पीड़ा लिखी।
पोस्ट के साथ उसने मोबाइल कैमरे से खींची शोहदों की फोटो अटैच करते हुए वीमेन पावर लाइन को हैशटैग किया। 29 जनवरी को नवनीत सिकेरा ने पोस्ट देखकर आगरा पुलिस से संपर्क कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शोहदों को दबोच लिया।