बाराबंकी के सौरभ सिंह को बंगाल क्रिकेट टीम की कमान सौंपी गई है। सौरभ के पिता पुलिस में आरक्षी है। क्रिकेट के धुरंधर सौरभ गांगुली ने उसे पहले रणजी के लिए चुना। बाद में उसके खेल की लगातार धार को देखते हुए पहली बार हो रहे अंडर-23 सीनियर नॉकआउट टूनार्मेंट की बागडोर सौंप दी गई। सौरभ के माता-पिता जहां बेटे की सफलता पर फूले नहीं समां रहे हैं वहीं कोच से लेकर साथी खिलाड़ी तक मिठाई खिलाने में जुटे हैं।
चार फरवरी को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले प्री क्वाटर मुकाबले सौरभ सिंह टीम का नेतृत्व करेंगे। सौरभ ने अमर उजाला से कहा कि बीसीसीआई पहली बार अंडर-23 सीनियर टीम का 50 ओवर नॉकआउट टूनार्मेंट का आयोजन कर रहा है। जिसमें देशभर के राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं।
प्री क्वाटर किस टीम के साथ होगा अभी यह तय नहीं है। बताया कि असम के खिलाफ असम के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 97 रन बनाने व गेंदबाजी में दो विकेट लेने से सौरभ गांगुली काफी प्रभावित हुए और फोन कर बधाई दी थी। घोषणा के बाद सौरभ सिंह के पिता सुशील सिंह, माता रंजू सिंह व उनके प्रशिक्षक सरवर नवाब को बधाई देने वालों का तांता लगा है।